

खाड़ी में बना नया सिस्टम
उत्तर बंगाल के पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में रथयात्रा के उत्साह के बीच मौसम की आफत दस्तक देने को तैयार है। बंगाल की खाड़ी में बने एक नए और मजबूत सिस्टम के कारण इस साल रथयात्रा के पावन अवसर पर मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल-ओडिशा तट पर सक्रिय हुआ यह नया सिस्टम अब जमीन की तरफ बढ़ रहा है, जिससे रथयात्रा के रंग में भंग पड़ने की पूरी आशंका है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
अलीपुर मौसम विभाग ने कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के 8 जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। इनमें दक्षिण 24 परगना, पूर्वी मिदनापुर और पश्चिमी मिदनापुर इन तीन जिलों में मौसम का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। इस दौरान तटीय इलाकों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। सुरक्षा के मद्देनजर मछुआरों को 19 जुलाई तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
श्रद्धालुओं के लिए परेशानी, किसानों के लिए राहत
यह बारिश जहां एक तरफ दक्षिण बंगाल के किसानों के लिए अमृत साबित होगी, वहीं शहरों के लिए बड़ी चुनौती बनकर उभरेगी। कोलकाता और आसपास के निचले इलाकों में भारी जलजमाव का खतरा है। ऐसे में रथ खींचने वाले श्रद्धालुओं और आम जनता को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
उल्टा रथ पर मिलेगी बड़ी राहत
राहत की बात यह है कि शनिवार से दक्षिण बंगाल में बारिश का जोर धीरे-धीरे कम होने लगेगा। इसका मतलब है कि रथयात्रा के दिन भले ही भारी बारिश का सामना करना पड़े, लेकिन उल्टा रथ (वापसी यात्रा) के समय तक आसमान पूरी तरह साफ होने की संभावना है, जिससे श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। हालांकि, दक्षिण में मौसम सुधरते ही रविवार से उत्तर बंगाल के 5 जिलों में आफत बढ़ेगी, जहां भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है।