खड़गपुर में रेलवे प्रशासन से बातचीत के बाद टीएमसी नेताओं ने अनशन किया खत्म

रेलवे अधिकारी ने कहा पुलिस फोर्स नहीं मिलने के कारण अतिक्रमण हटाओ अभियान किया गया स्थगित
खड़गपुर में रेलवे प्रशासन से बातचीत के बाद टीएमसी नेताओं ने अनशन किया खत्म
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

खड़गपुर : पश्चिम मिदनापुर जिला अंतर्गत खड़गपुर के पुरीगेट इलाके में रेलवे के अतिक्रमण हटाओ अभियान के खिलाफ टीएमसी के कई नेताओं ने डीआरएम कार्यालय के सामने शुक्रवार से अनशन शुरू कर दिया था, लेकिन इस मुद्दे को लेकर शनिवार को रेलवे प्रशासन के साथ बातचीत के बाद टीएमसी के नेताओं ने दूसरे दिन शनिवार को अपना अनशन खत्म कर दिया है। पुरीगेट इलाके में रहने वाले सैकड़ों लोग धरना प्रदर्शन के लिए शनिवार को भी डीआरएम कार्यालय के सामने पहुंचे और रेलवे प्रशासन के खिलाफ खूब नारेबाजी भी की। मालूम हो कि पुरी गेट इलाके में रहने वाले स्थानीय लोगों को 2 मई तक जमीन खाली कर देने का आदेश रेलवे ने जारी किया था। जिसके बाद यह आशंका जतायी जा रही थी कि जमीन खाली नहीं करने पर रेलवे प्रशासन 3 मई को कोई बड़ा एक्शन लेगा। रेलवे के किसी भी कार्रवाई का विरोध करने के लिए टीएमसी के नेता और कर्मी भी पहले से ही तैयार बैठे थे, लेकिन रेलवे की ओर से फिलहाल अतिक्रमण हटाओ अभियान को स्थगित कर दिया गया। खड़गपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम और जनसंपर्क अधिकारी निशांत कुमार ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस फोर्स की मांग रेलवे की ओर से नागरिक प्रशासन से किया गया था, लेकिन पुलिस फोर्स नहीं मिलने के कारण अतिक्रमण हटाओ अभियान स्थगित कर दिया गया है। इधर खड़गपुर के टीएमसी नेताओं का दावा है कि पुरी गेट इलाके में रहने वाले लोगों को नगर पालिका प्रशासन की ओर से होल्डिंग नंबर के साथ ही बिजली, पानी और सड़क की सुविधा भी उपलब्ध कराया गया है, लेकिन अब पुरी गेट इलाके की जमीन पर रेलवे अपना दावा जता कर हजारों लोगों को विस्थापित करने की कोशिश कर रहा है। फिलहाल रेलवे द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान स्थगित करने पर टीएमसी ने भी अपने आंदोलन को वापस ले लिया गया है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in