सुप्रीम कोर्ट ने राहुल को राहत, इलाहाबाद हाई कोर्ट का आदेश रद्द

हाई कोर्ट ने कहा था : राहुल के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में आरोपों का सत्यापन करें CBI, ED
rahul-gandhi-and-sc
राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम राहत
Published on: 

नयी दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के उस आदेश को बुधवार को रद्द कर दिया जिसमें केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति रखने के आरोपों की जांच करने का निर्देश दिया गया था।

भाजपा के विग्नेश शिशिर की याचिका पर नये सिरे से विचार का आदेश

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की अगुवाई वाले तीन सदस्यीय पीठ ने भाजपा के सदस्य विग्नेश शिशिर की याचिका को नये सिरे से विचार के लिए हाई कोर्ट के पास वापस भेज दिया। हाई कोर्ट इस बात पर भी विचार करेगा कि याचिका सुनवाई योग्य है या नहीं। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाई कोर्ट से राहुल के खिलाफ आय ज्ञात स्रोत से अधिक संपत्ति रखने के आरोपों से जुड़े मामले में आगे की कार्यवाही नहीं करने को कहा था। पीठ ने CBI और ED से भी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ इस मामले में हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में कोई रिपोर्ट दाखिल नहीं करने को कहा था। राहुल ने CBI और ED को निर्देश देने वाले हाई कोर्ट के आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था।

हाई कोर्ट ने CBI से मांगा था कार्रवाई का ब्यौरा

हाई कोर्ट ने कहा था कि CBI का हलफनामा उसके पिछले आदेश के अनुरूप नहीं था। उसमें राहुल की संपत्ति के संबंध में याची की शिकायत पर अब तक की गयी कार्रवाई का पर्याप्त विवरण नहीं दिया गया था। कोर्ट ने नयी दिल्ली स्थित CBI के भ्रष्टाचार निरोधक प्रभाग के मुख्यालय में संयुक्त निदेशक या संबंधित क्षेत्र के प्रमुख को स्वयं नया हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया था जिसमें मामले में अब तक की गयी कार्रवाई का विस्तृत विवरण हो। भाजपा नेता ने इससे पहले भी याचिकाएं दाखिल कर कांग्रेस नेता पर दोहरी नागरिकता रखने का आरोप लगाया था।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News