नयी दिल्ली : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि 2024 का महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव ‘लोकतंत्र में धांधली का ब्लूप्रिंट’ था। उन्होंने आशंका जतायी कि यह ‘मैच फिक्सिंग’ अब बिहार में भी दोहरायी जायेगी और फिर उन जगहों पर भी ऐसा ही किया जायेगा, जहां-जहां भारतीय जनता पार्टी हार रही होगी।
चुनाव की चोरी का पूरा खेल!
राहुल गांधी ने एक प्रमुख अंग्रेजी दैनिक में प्रकाशित अपने लेख की तस्वीर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में साझा करते हुए लिखा- चुनाव की चोरी का पूरा खेल! 2024 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लोकतंत्र में धांधली का ब्लूप्रिंट था। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ‘मैच फिक्स’ किये गये चुनाव लोकतंत्र के लिए जहर हैं। उन्होंने कहा कि जो पक्ष धोखाधड़ी करता है, वो भले ही जीत जाये लेकिन इससे लोकतांत्रिक संस्थाएं कमजोर होती हैं और जनता का नतीजों से भरोसा उठ जाता है।
मतदाता सूची में फर्जी मतदाता जोड़े गये
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में कथित अनियमितता के बारे में चरणबद्ध तरीके से बताया है कि कैसे मतदाता सूची में फर्जी मतदाता जोड़े गये, मतदान प्रतिशत बढ़ा चढ़ा कर दिखाये गये, फर्जी मतदान कराए गये और बाद में सबूत छिपाये गये। राहुल ने लिखा कि मैंने अपने लेख में चरण दर चरण विस्तार से बताया है कि कैसे यह साजिश रची गयी। चरण 1 में निर्वाचन आयोग की नियुक्ति करने वाली समिति पर कब्जा किया गया। चरण 2 में फर्जी मतदाताओं को सूची में जोड़ा गया। चरण 3 में मतदान प्रतिशत बढ़ा-चढ़ाकर दिखाये गये। चरण 4 में जहां भाजपा को जिताना था, वहां लक्षित करके फर्जी मतदान कराया गया और चरण 5 में सुबूतों को छिपा दिया गया।
भाजपा का पलटवार ; राहुल जनता का समर्थन हासिल नहीं कर सकते
इस बीच भाजपा ने राहुल गांधी की टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि वह चुनावी प्रक्रिया में लोगों के विश्वास को कम करने के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला कर रहे हैं। केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी ने दावा किया कि राहुल आगामी चुनावों में अपनी पार्टी की हार को रोकने के लिए ऐसा कर रहे हैं क्योंकि वह जनता का समर्थन हासिल नहीं कर सकते। भाजपा के प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि राहुल लोगों का विश्वास जीतने में विफल रहने के बाद अब चुनावी प्रक्रिया में ही लोगों के विश्वास को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं, वे लोकतंत्र विरोधी हैं। भाजपा के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने राहुल गांधी के आरोपों की आलोचना करते हुए कहा कि वह जानबूझकर चुनाव प्रक्रिया के बारे में मतदाताओं के मन में संदेह और असंतोष के बीज बोने का बार-बार प्रयास कर रहे हैं।