हावड़ा का होगा कायाकल्प : राहुल सिन्हा

नये उद्योगों से युवाओं को बंगाल में मिलेगा रोजगार
Rahul Sinha Promises Revival of Howrah Ahead of Municipal Elections
हावड़ा में भाजपा ने किया संवाददाता सम्मेलन का आयोजन
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा ने हावड़ा की बदहाल स्थिति के लिए पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ और चुनाव में हार के डर से लंबे समय तक नगर निगम चुनाव नहीं कराया गया। उन्होंने कहा कि अब चुनाव होगा और हावड़ा का कायाकल्प किया जाएगा। नागरिक सुविधाओं में सुधार के साथ शहर को ऐसा विकसित किया जाएगा कि यहां के लोग भी बदला हुआ हावड़ा देखकर हैरान होंगे। भाजपा के अनुसार परिसीमन के बाद हावड़ा नगर निगम में वार्डों की संख्या 50 से बढ़कर 68 हो गई है। सभी वार्डों में समितियां गठित कर चुनावी तैयारी शुरू कर दी गयी है।

68 वार्डों में भाजपा की तैयारी, बनेगा जनता का घोषणापत्र

पार्टी प्रत्येक वार्ड की समस्याओं को लेकर अलग-अलग ‘चार्टशीट’ तैयार कर रही है। जलजमाव, जल निकासी, खराब सड़कें और नागरिक सुविधाओं की कमी को प्रमुख मुद्दा बनाया जाएगा। इसके अलावा प्रतिष्ठित नागरिकों से सुझाव लेकर ‘जनता का घोषणापत्र’ तैयार करने की योजना है। उम्मीदवार चयन में स्वच्छ छवि और अनुभव को प्राथमिकता देने की बात भी कही गयी। तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी के कैमेक स्ट्रीट स्थित कार्यालय में पुलिस और दमकल पहुंचने के सवाल पर राहुल सिन्हा ने कहा, “जहां भ्रष्टाचार है, वहीं पुलिस और दमकल पहुंचती है।” सरकारी अधिकारियों पर हमले के मामले में उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in