जवाब मांगने के लिए ईसी को औपचारिक पत्र लिखें राहुल : निर्वाचन आयोग के सूत्र

जाने क्या है पूरा मामला
जवाब मांगने के लिए ईसी को औपचारिक पत्र लिखें राहुल : निर्वाचन आयोग के सूत्र
Published on: 

नयी दिल्ली : कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में धांधली का आरोप लगाने वाले अपने लेख पर निर्वाचन आयोग से जवाब मांगे जाने के एक दिन बाद आयोग के सूत्रों ने रविवार को कहा कि सांविधानिक निकाय तभी जवाब देगा जब विपक्ष के नेता उसे सीधे पत्र लिखेंगे।

सूत्रों ने साथ ही कहा कि अपने संपर्क अभियान के तहत निर्वाचन आयोग ने सभी छह राष्ट्रीय दलों से अलग-अलग बातचीत के लिए उन्हें आमंत्रित किया था जबकि अन्य पांच दलों ने आयोग के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की लेकिन कांग्रेस ने 15 मई की बैठक रद्द कर दी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र में पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में धांधली के आरोपों को निर्वाचन आयोग के सूत्रों द्वारा खारिज किये जाने के बाद उस पर पलटवार करते हुए शनिवार को कहा था कि उसकी विश्वसनीयता बात छिपाने से नहीं बल्कि सच बोलने से बचेगी।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को दो समाचार पत्रों में लेख लिखकर आरोप लगाया था कि 2024 का महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव ‘लोकतंत्र में धांधली का ब्लूप्रिंट’ था। उन्होंने कहा था कि यह ‘मैच फिक्सिंग’ अब बिहार में भी दोहरायी जायेगी और फिर उन जगहों पर भी ऐसा ही किया जायेगा, जहां जहां भाजपा हार रही होगी। गांधी द्वारा महाराष्ट्र के मतदान केंद्रों की शाम की सीसीटीवी फुटेज मांगे जाने संबंधी एक सवाल के जवाब में सूत्रों ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चुनाव याचिका दायर होने पर मतदान केंद्रों की सीसीटीवी फुटेज की जांच सक्षम उच्च न्यायालय ही कर सकता है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in