रोहणा में तोड़फोड़ और हमले का आरोप

तीन लोग गंभीर रूप से घायल, पुलिस ने शुरू की जांच
Dispute Over Prasad Leads to Violent Attack in Rahara, 3 Injured
सांकेतिक फोटो
Published on: 

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर : उत्तर 24 परगना जिले के रोहणा में दुर्गापूजा के दौरान प्रसाद वितरण को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि नवमी की रात करीब 12 बजे के बाद 8-10 युवकों ने रुइया मिलन संघ पूजा पंडाल के पास स्थित एक दुकान में तोड़फोड़ की और तीन लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में दुकानदार, उनका एक रिश्तेदार और दुकान का एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, अष्टमी और नवमी के प्रसाद वितरण को लेकर स्थानीय युवकों और पूजा कमेटी के सदस्यों के बीच कहासुनी हुई थी। उस समय मामला शांत करा दिया गया था। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर देर रात युवकों का समूह हथियारों के साथ दुकान पर पहुंचा और मारपीट शुरू कर दी।

घायलों का आरोप है कि हमलावरों के पास पिस्तौल भी थी। उन्होंने बंदूक के बट से मारने के साथ चॉपड़ और चाकुओं से हमला किया। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को डॉ. बी.एन. बोस उपमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सागर दत्त मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। रुइया मिलन संघ मंदिर कमेटी के सचिव स्वपन गायेन ने बताया कि प्रसाद वितरण को लेकर मामूली विवाद हुआ था, जिसे सुलझा हुआ मान लिया गया था। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। घटना की सूचना मिलने पर रोहणा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तोड़फोड़ से जुड़े साक्ष्य जुटाकर शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in