

परीक्षा विवाद पर विश्वविद्यालय सोमवार को लेगा फैसला
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : रवींद्र भारती यूनिवर्सिटी में ''इंटीग्रेटेड लाइब्रेरी साइंस'' कोर्स के 29 सितंबर को हुए एंट्रेंस एग्जाम में कथित धांधली को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। छात्र परिषद ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की केंद्रीय समिति के सदस्य शुभब्रत अधिकारी पर परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन और पहले से प्रश्न पत्र मिलने जैसी गंभीर मदद से गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है। उम्मीदवारों के बयानों के आधार पर यूनिवर्सिटी प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपी गई है, जिसमें मांग की गई है कि जब तक इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक प्रवेश परीक्षा के परिणामों को रोक दिया जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित उम्मीदवार का आवेदन रद्द कर दिया जाए।
ABVP नेता ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
दूसरी ओर, आरोपी ABVP नेता शुभब्रत अधिकारी ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और उनकी छवि खराब करने की साजिश करार दिया है। उन्होंने दावा किया है कि आरोप लगाने वाले लोग छोटी सोच का परिचय दे रहे हैं और वे इसके खिलाफ उन्हें आपराधिक कार्रवाई के संबंध में कानूनी नोटिस भेज रहे हैं। यदि यूनिवर्सिटी की जांच में आरोप साबित नहीं हुए, तो वे हाई कोर्ट में मानहानि और मुकदमे की कार्रवाई करेंगे। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कोई वास्तविक लिखित शिकायत दर्ज की गई है। इस बीच, यूनिवर्सिटी अधिकारियों का कहना है कि केवल एक ईमेल के आधार पर तुरंत कोई टिप्पणी नहीं की जा सकती, बल्कि मामले की पूरी समीक्षा करने के बाद सोमवार को आगे के कदमों पर उचित निर्णय लिया जाएगा।