

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : श्यामपुर और बागनान इलाके में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस बार हावड़ा जिला परिषद की वर्तमान सदस्य मनोआरा बेगम का नाम भी रद्द सूची में शामिल होने से सवाल उठने लगे हैं। मनोआरा बेगम नाकोल ग्राम पंचायत के कांटाखाली गांव की निवासी हैं। वह 2013, 2018 और 2023 में ग्राम पंचायत और पंचायत समिति में निर्वाचित हो चुकी हैं। मनोआरा का कहना है कि उन्हें सुनवाई के लिए बुलाया गया था और उन्होंने सभी जरूरी दस्तावेज जमा भी किए थे, इसके बावजूद उनका नाम रद्द सूची में डाल दिया गया। इस मुद्दे पर उनके पति सैयद सुफियान ने नाराजगी जतायी। इसी ग्राम पंचायत के एक अन्य सदस्य अब्दुल मोमिन का नाम भी रद्द सूची में शामिल है। श्यामपुर 2 नंबर ब्लॉक के डिहिमंडलघाट 1 नंबर ग्राम पंचायत के 179 नंबर बूथ पर 9 लोग अभी भी लंबित स्थिति में हैं। उसी बूथ के निवासी शेख जाहिरुल इस्लाम ने बताया, हमारे परिवार में 10 वोटर हैं। मेरे पिता, चार भाई, मेरी पत्नी और मेरे भाई की पत्नी—कुल सात लोगों को सुनवाई का नोटिस मिला था। हम सभी गए थे। अंतिम सूची में बाकी सभी के नाम आ गए, लेकिन मेरा नाम अब भी नहीं आया। दूसरी ओर, बागनान विधानसभा के चंद्रपुर इलाके में सैयद तौहीदुल मीर और उनकी पत्नी का नाम भी रद्द सूची में शामिल है। तौहीदुल मीर का कहना है, “मेरा नाम 2002 से मतदाता सूची में था। मुझे सुनवाई के लिए बुलाया गया और मैंने सभी जरूरी दस्तावेज भी जमा किए थे, इसके बावजूद नाम हटा दिया गया।