

नई दिल्लीः लोकसभा में कई दिन के गतिरोध के बाद बुधवार को प्रश्नकाल पूरी तरह चला। हालांकि, आठ सदस्यों के निलंबन की वापसी की मांग को लेकर विपक्ष के सदस्यों ने सदन से वॉकआउट किया। सदन की बैठक शुरू हुई तो पीठासीन सभापति पीसी मोहन ने प्रश्नकाल शुरू कराया। इस दौरान विपक्ष के सांसद अपने साथी आठ सदस्यों का निलंबन समाप्त करने की मांग करने लगे और नारे लगाने लगे जिन्हें पिछले सप्ताह आसन की अवमानना के मामले में निलंबित किया गया था।
मोहन ने विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच ही प्रश्नकाल शुरू कराया। आधे घंटे तक विपक्ष के सांसदों के ‘निलंबन वापस लो’ के नारों के बीच कार्यवाही चली, जिसके बाद विपक्ष ने सदन से वॉकआउट किया। सामान्य तौर पर सदन की बैठक शुरू होने पर आसन पर अध्यक्ष होते हैं और वही प्रश्नकाल की कार्यवाही संचालित करते हैं।
हालांकि, लोकसभा सचिवालय के सूत्रों ने बताया कि अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें पद से हटाने के लिए विपक्ष द्वारा नोटिस दिए जाने के बाद प्रस्ताव के निपटारे तक अध्यक्षीय आसन पर नहीं बैठने का फैसला किया है। बिरला ने मंगलवार से सदन की कार्यवाही के संचालन में हिस्सा नहीं लिया है और कल भी मोहन ही प्रश्नकाल के समय आसन पर थे। विपक्ष ने बिरला को पद से हटाने के लिए प्रस्ताव लाने संबंधी नोटिस मंगलवार को लोकसभा महासचिव को सौंपा और बिरला पर पक्षपातपूर्ण तरीके से सदन संचालित करने, कांग्रेस सदस्यों पर झूठे इल्जाम लगाने तथा अपने पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।
लोकसभा में पिछले सप्ताह आसन के समीप कागज उछालकर सदन की अवमानना करने के मामले में कांग्रेस के सात सदस्यों और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक सांसद को वर्तमान बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया।
सदन में पिछले सप्ताह राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर जारी चर्चा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे के एक अप्रकाशित संस्मरण का उल्लेख करने की अनुमति नहीं मिलने के विरोध में विपक्षी सांसद आसन के समीप प्रदर्शन कर रहे थे।
निलंबित सदस्यों में कांग्रेस के अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, गुरदीप सिंह औजला, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, प्रशांत पडोले, किरण कुमार रेड्डी और मणिकम टैगोर तथा माकपा सांसद एस वेंकटेशन हैं। सदन में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच बनी गतिरोध की स्थिति में मंगलवार को नरमी नजर आई जब दोपहर में बजट पर चर्चा शुरू हुई।