

नई दिल्ली: कतर के रास लफ्फान इंडस्ट्रियल सिटी स्थित गैस सुविधा केंद्र में हुए भीषण विस्फोट हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से बातचीत की। इस हादसे में 12 भारतीय नागरिकों समेत कुल 13 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कतर के अमीर का संवेदना व्यक्त करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के दुख को साझा किया और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और कतर अपने नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और इस मुश्किल समय में एक-दूसरे के साथ खड़े हैं।
कतर के अधिकारियों के अनुसार, रविवार रात रास लफ्फान इंडस्ट्रियल सिटी स्थित बरजान गैस सप्लाई सुविधा में विस्फोट और उसके बाद लगी आग में कुल 13 लोगों की मौत हुई। इनमें 12 भारतीय नागरिक शामिल हैं।
हादसे में विभिन्न देशों के 66 लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज चल रहा है।
विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा है कि भारत कतर के अधिकारियों के साथ मिलकर मृतकों की पहचान और उनके पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया पर काम कर रहा है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि रास लफ्फान गैस क्षेत्र में हुए हादसे में 12 भारतीय नागरिकों की मौत बेहद दुखद है। उन्होंने बताया कि कई लोग घायल हुए हैं और सभी घायलों को चिकित्सा सहायता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि भारतीय अधिकारी मृतकों के परिवारों के संपर्क में हैं और शवों की पहचान एवं उन्हें भारत भेजने की व्यवस्था के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार बातचीत कर रहे हैं।
इस हादसे के बाद भारतीय दूतावास और कतर प्रशासन के बीच लगातार संपर्क बना हुआ है। भारत सरकार प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में जुटी है।