

चंडीगढ़ : बठिंडा जिले में पंजाब पुलिस ने 17.70 ग्राम हेरोइन ले जा रही एक महिला पुलिस कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है। सिटी-1 पुलिस उपाधीक्षक (डीसीपी) हरबंस सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मादक पदार्थ निरोधक कार्य बल (एएनटीएफ) के साथ मिलकर बुधवार शाम बठिंडा में बादल फ्लाईओवर के पास कांस्टेबल अमनदीप कौर की एसयूवी को रोका। तलाशी के दौरान पुलिस को कौर के कब्जे से 17.70 ग्राम हेरोइन मिली। कौर पहले मानसा थाने में तैनात थीं और फिलहाल वह बठिंडा पुलिस लाइन में सेवाएं दे रहीं थीं। सिंह ने बताया कि कांस्टेबल के खिलाफ स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।