नयी दिल्ली : सरकार ने गाड़ियों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) प्रक्रिया में बदलाव करते हुए नयी गाड़ियों के लिए इसकी अवधि में बदलाव किया है। अब BS-6 वाहनों को हर छह महीने में PUC सर्टिफिकेट रिन्यू करवाने की जरूरत नहीं रहेगी।इसके अलावा अब छह साल तक पुरानी BS-6 निजी गाड़ियों को तीन साल तक PUC प्रमाणपत्र रिन्यू करवाने की जरूरत नहीं रहेगी। वहीं BS-6 परिवहन गाड़ियों को भी यह प्रमाणपत्र वैध रहेगा। हालांकि इससे पुरानी गाड़ियों को कोई राहत नहीं दी गयी है। इन्हें पुराने नियमों के अनुसार ही काम करना होगा। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा 13 नवंबर को इस मामले में अधिसूचना जारी की गयी थी।
क्या हैं नये नियम?
आम तौर पर गाड़ी मालिकों को हर छह महीने या एक साल में PUC सर्टिफिकेट बनवाना पड़ता था। लेकिन अब नये नियमों के अनुसार नयी BS-6 गाड़ियां खरीदने वालों को 3 साल तक PUC रिन्यू करवाने की जरूरत नहीं है। BS-6 परिवहन वाहनों को भी अब हर साल नहीं बल्कि हर दो साल में PUC लागू करवाना होगा। छह साल तक पुरानी BS-6 गाड़ियों के लिए भी PUC सर्टिफिकेट तीन साल तक वैध रहेगा। छह साल से लेकर 10 साल तक पुरानी गाड़ियों के लिए हर साल PUC सर्टिफिकेट बनवाना होगा और दस साल से ज्यादा पुरानी BS-6 गाड़ियों को हर छह महीने में PUC बनवाना होगा।
PUC प्रमाण पत्र की तारीख को लेकर भी जानकारी
सरकार ने अपने नये नियमों में BS-6 वाहनों को राहत दी है। लेकिन उससे पुराने उत्सर्जन मानकों वाले वाहन मालिकों को इसमें कोई राहत नहीं दी गयी है। इन वाहनों को पुराने नियमों के अनुसार ही अपनी वैधता साबित करनी होगी। दूसरी तरफ सरकार ने इन नियमों के तहत PUC प्रमाण पत्र की तारीख को लेकर भी जानकारी दी है। अब अगर PUC सर्टिफिकेट खत्म होने से पहले नया सर्टिफिकेट जारी करवाया जाता है, तो इसकी अवधि नयी तारीख से शुरू होगी। लेकिन अगर खत्म होने के 10 दिन पहले शुरू होती है, तो यह पुराने प्रमाण पत्र की समाप्ति की तारीख से शुरू होगी। इसके अलावा अगर PUC सर्टिफिकेट के खत्म होने के बाद रिन्यू करवाया जाता है, तो इसकी वैधता नयी तारीख से शुरू होगी। हालांकि, नियम लागू होने से पहले जारी किये गये PUC प्रमाण पत्रों की वैधता अपने आप नहीं बदलेगी। नियम लागू होने के बाद करवाये जा रहे PUC प्रमाणपत्रों पर ही ये लागू होंगे।