

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के एक स्थानीय नेता के खिलाफ लोगों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब ग्रामीणों ने उस पर सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर पैसे वसूलने का आरोप लगाया। नाराज ग्रामीणों ने कथित तौर पर नेता का सिर मुंडवाया, उसके गले में जूतों की माला पहनाई और पूरे गांव में घुमाया।
घटना हावड़ा जिले के अमरदाहा गांव की बताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि टीएमसी नेता संन्यासी मन्ना विभिन्न सरकारी योजनाओं में लाभ दिलाने के बदले लोगों से पैसे मांगता था। स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि उसके घर से कई आधार कार्ड और मनरेगा जॉब कार्ड बरामद हुए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कथित तौर पर ग्रामीणों को मन्ना के गले में जूतों की माला डालते और उसका सिर मुंडवाते हुए देखा गया। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मन्ना को भीड़ के बीच से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल उसके खिलाफ कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी।
घटना के बाद यह मामला राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय स्तर पर इसे सरकारी योजनाओं में कथित भ्रष्टाचार और लोगों की बढ़ती नाराजगी से जोड़कर देखा जा रहा है।