PUBG खेलते-खेलते प्यार, पैसों के लिए दुश्मनी!

PUBG खेलते-खेलते प्यार, पैसों के लिए दुश्मनी!

Published on: 

गेमिंग अकाउंट में जमा रकम के बंटवारे को लेकर विवाद का शक

गिरफ्तार आरोपी को 10 दिनों की पुलिस हिरासत

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर

: ऑनलाइन गेम PUBG खेलते-खेलते शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदल गयी, लेकिन उसी गेमिंग अकाउंट में जमा पैसों को लेकर दोनों के बीच दुश्मनी पैदा हो गयी। बरानगर में जमाईबाबू के फ्लैट से 26 वर्षीय अंजलि साव का शव बरामद होने के मामले में पुलिस की जांच अब इसी दिशा में आगे बढ़ रही है। जांचकर्ताओं को शुरुआती तौर पर आशंका है कि गेमिंग अकाउंट में जमा बड़ी रकम के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में अंजलि की हत्या की गयी। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की असली वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। शनिवार को उसे बैरकपुर अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस को 10 दिनों की हिरासत मिली।

PUBG के जरिए हुई थी दोनों की मुलाकात

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, करीब तीन साल पहले अंजलि साव की मुलाकात धर्मवीर कुमार से ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म PUBG के जरिए हुई थी। दोनों लंबे समय तक एक ही ग्रुप में गेम खेलते थे। इसी दौरान उनकी दोस्ती बढ़ी और फिर दोनों करीब आ गये। बताया जा रहा है कि जब भी अंजलि बरानगर स्थित अपने जमाईबाबू के खाली फ्लैट में जाती थी, धर्मवीर भी कभी-कभी वहां पहुंचता था। जांचकर्ताओं को पता चला है कि अंजलि के गेमिंग अकाउंट में काफी पैसे जमा थे। पुलिस को संदेह है कि इसी रकम के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ होगा, जो बाद में गंभीर रूप ले बैठा।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस

गौरतलब है कि पिछले मंगलवार को बरानगर नगरपालिका के वार्ड नंबर 17 स्थित शीतलामाता लेन के एक बहुमंजिली इमारत के फ्लैट से अंजलि का शव बरामद हुआ था। घटना के बाद से ही पुलिस को धर्मवीर पर संदेह था। फ्लैट के सीसीटीवी फुटेज में एक युवक को बाहर निकलते देखा गया था। जांच में उसकी पहचान धर्मवीर के रूप में हुई। दूसरे राज्य भागे आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर बंगाल लाया गया। अंजलि के परिजनों ने मोबाइल फोन और गहने गायब होने की शिकायत भी की थी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या आरोपी इन्हें अपने साथ ले गया था। अब घटना का पुनर्निर्माण कराने की भी योजना है। पुलिस गेमिंग अकाउंट में जमा रकम, उसके लेनदेन और दोनों के बीच हुए विवाद की पूरी जानकारी जुटाना चाहती है। जांचकर्ताओं का कहना है कि मामले में कुछ अहम जानकारियां मिली हैं, लेकिन हत्या की वजह स्पष्ट करने के लिए आरोपी से और पूछताछ जरूरी है।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News