

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के बागनान में तृणमूल के विधायक अरुणाभ सेन (राजा) के खिलाफ स्थानीय महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को करीब सौ से अधिक महिलाओं ने विधायक पर भ्रष्टाचार, सरकारी योजनाओं में 'कटमनी' मांगने और आम लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाने का आरोप लगाते हुए उनके आवास का घेराव किया। हाथों में झाड़ू और जूते लेकर पहुंचीं महिलाओं ने विधायक की तस्वीर पर जूते बरसाए और उसमें आग लगा दी। इस भारी हंगामे के कारण चित्रवाणी सिनेमा हॉल से बागनान-श्यामपुर मार्ग पूरी तरह ठप हो गया।
हंगामे के कारण बागनान-श्यामपुर मार्ग पूरी तरह ठप
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर स्थानीय पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय बलों के जवानों को तैनात करना पड़ा। यह विरोध प्रदर्शन बागनान नंबर 1 ग्राम पंचायत के राजापाड़ा और रथतला इलाके की महिलाओं द्वारा किया गया। वहीं मामले में विधायक ने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात रखने की आजादी है। जहां तक कटमनी के आरोपों का सवाल है, तो केंद्र सरकार और विपक्ष के पास एजेंसियां हैं, वह चाहे तो इसकी जांच करा ले।" पुलिस परिस्थिति पर नजर बनाये हुए है।