झुलसा देने वाली गर्मी से राहत के आसार, इस हफ्ते कोलकाता में आंधी-बारिश की संभावना

मौसम विभाग का पूर्वानुमान—दक्षिण बंगाल में गरज-चमक के साथ बारिश, तापमान में आ सकती है गिरावट
झुलसा देने वाली गर्मी से राहत के आसार, इस हफ्ते कोलकाता में आंधी-बारिश की संभावना
Published on

कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के लोग भीषण गर्मी और उमस से परेशान हैं, लेकिन अब राहत की खबर सामने आई है। अलीपुर मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि इसी सप्ताह शहर और आसपास के इलाकों में आंधी-बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आएगी।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार और शुक्रवार को कोलकाता और हावड़ा में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं, हुगली और उत्तर 24 परगना में बुधवार से ही मौसम बदल सकता है और गुरुवार को यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की आशंका है।

दक्षिण 24 परगना और पूर्व मिदनापुर में रविवार तक लगातार बारिश हो सकती है। इसके अलावा पश्चिम मिदनापुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पूर्व और पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि पश्चिमी जिलों में गर्मी और उमस बनी रह सकती है।

तापमान की बात करें तो अगले तीन दिनों तक खास बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन उसके बाद तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है। सोमवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है।

उत्तरी बंगाल में भी मौसम सक्रिय रहेगा। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी बारिश के आसार हैं। यहां भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण बिहार और आसपास के क्षेत्रों में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा बिहार से आंध्र प्रदेश तक एक ट्रफ लाइन फैली हुई है, जो झारखंड और ओडिशा से होकर गुजर रही है। इसके कारण बंगाल की खाड़ी से भारी मात्रा में नमी आ रही है, जिससे पूरे बंगाल में आंधी-बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं। हालांकि यही नमी गर्मी और उमस भी बढ़ा रही है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in