राष्ट्रपति मुर्मू ने गोवर्धन में किया महाभिषेक

दानघाटी मंदिर में पूजा-अर्चना, परिक्रमा और आरती में लिया हिस्सा
राष्ट्रपति मुर्मू ने गोवर्धन में किया महाभिषेक
Published on

मथुरा : द्रौपदी मुर्मू ने अपने उत्तर प्रदेश दौरे के अंतिम दिन गोवर्धन स्थित दानघाटी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति ने गिरिराज जी महाराज की आरती में भाग लिया और गोवर्धन परिक्रमा भी की। उन्होंने मंदिर में पारंपरिक रीति से पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिर के रिसीवर दीप चंद्र कौशिक ने बताया कि “गिरिराज धारण की जय” के मंत्रोच्चार के बीच राष्ट्रपति ने 11 किलो दूध, दही, शहद, घी और बूरा से महाभिषेक किया। इस अवसर पर उन्हें गिरिराज जी महाराज की चांदी की प्रतिमा, एक पटका और प्रसाद भेंट किया गया।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ब्रजभूमि से जुड़ी तीन प्रमुख धरोहर—गिरिराज जी, ब्रजभूमि और यमुना महारानी—आज भी विशेष आस्था का केंद्र हैं। राष्ट्रपति ने गोवर्धन पहुंचकर अभिषेक और परिक्रमा करने के साथ मंदिर के सेवायत जी.के. पुरोहित से आशीर्वाद भी लिया।

राष्ट्रपति का यह दौरा 19 मार्च को अयोध्या से शुरू हुआ था, जहां उन्होंने भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर दर्शन किए। इसके बाद वह मथुरा-वृंदावन पहुंचीं और भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि से जुड़े स्थलों का दौरा किया।

तीन दिवसीय यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू ने कई आध्यात्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया, जिससे उनके इस दौरे को धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in