

स्कोप्जे: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपनी उत्तरी मैसेडोनिया की पहली आधिकारिक यात्रा पर मंगलवार को राजधानी स्कोप्जे पहुंचीं, जहां उनका औपचारिक और भव्य स्वागत किया गया। स्कोप्जे स्थित विला वोड्नो में उत्तरी मैसेडोनिया की राष्ट्रपति गोर्डाना सिलिजनोव्स्का-दावकोवा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मू को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और औपचारिक स्वागत समारोह आयोजित किया गया।
स्वागत के बाद दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों को लेकर व्यापक वार्ता हुई। चर्चा के दौरान भारत और उत्तरी मैसेडोनिया के बीच राजनीतिक, आर्थिक, व्यापारिक, सांस्कृतिक और लोगों के बीच संपर्क को और मजबूत बनाने पर सहमति बनी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि दोनों राष्ट्रपतियों ने भारत-उत्तरी मैसेडोनिया संबंधों को नई ऊंचाई देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्कोप्जे स्थित ऐतिहासिक सेंट स्पास चर्च पहुंचकर राष्ट्रीय नायक गोस डेलचेव की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने उत्तरी मैसेडोनिया के इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन में डेलचेव के योगदान को श्रद्धांजलि दी।
राष्ट्रपति मुर्मू की यह यात्रा दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।