नववर्ष पर राम लला के दर्शन करने अयोध्या पहुंचीं राष्ट्रपति

150 किलोग्राम सोने से जड़ित श्री राम यंत्र स्थापित करने का कार्यक्रम
नववर्ष पर राम लला के दर्शन करने अयोध्या पहुंचीं राष्ट्रपति
Published on: 

अयोध्या : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बृहस्पतिवार को अयोध्या में राम मंदिर गईं। उनका यहां विशेष धार्मिक समारोहों के हिस्से के रूप में 150 किलोग्राम सोने से जड़ित श्री राम यंत्र स्थापित करने का कार्यक्रम है।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर राष्ट्रपति कार्यालय के एक आधिकारिक पोस्ट के अनुसार, मुर्मू के अयोध्या पहुंचने पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने उनका स्वागत किया।

मंदिर ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने कहा कि वैदिक गणित पर आधारित श्री राम यंत्र सकारात्मक आध्यात्मिक ऊर्जा उत्पन्न करने के लिए बनाया गया है और यह भगवान राम की दिव्य उपस्थिति का प्रतीक है। 150 किलोग्राम सोने की परत चढ़ी चौकोर धातु की प्लेट में वैदिक और 'बीज' मंत्र उत्कीर्ण हैं।मिश्रा ने कहा कि यह यंत्र कांची कामकोटि पीठम के श्री राम यंत्र पर आधारित है और स्वामी विजयेंद्र सरस्वती के मार्गदर्शन में तैयार किया गया है।

उन्होंने कहा कि यह यंत्र लगभग दो साल पहले एक औपचारिक जुलूस के रूप में तिरूपति देवस्थानम से अयोध्या लाया गया था और तब से इसकी प्रतिदिन पूजा की जाती है। इसे चैत्र नवरात्रि और हिंदू नव वर्ष से जुड़े अनुष्ठानों के हिस्से के रूप में शुभ 'अभिजीत मुहूर्त' के दौरान मंदिर की दूसरी मंजिल पर स्थापित किया जाएगा।

इस बीच, राष्ट्रपति के दौरे को लेकर पूरे अयोध्या में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने कहा कि मंदिर परिसर और शहर भर में 7,000 से अधिक कर्मियों को तैनात किया गया है, साथ ही संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं।

अधिकारियों ने कहा कि यातायात प्रतिबंध भी लगाए गए हैं। अधिकारियों ने निवासियों और श्रद्धालुओं से सहयोग करने और प्रतिबंधित क्षेत्रों से बचने का आग्रह किया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in