श्री विजयपुरम के मरीना पार्क रोड पर भव्य समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में

श्री विजयपुरम के मरीना पार्क रोड पर भव्य समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : अंडमान तथा निकोबार द्वीपसमूह में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह मनाए जाने की तैयारियां ज़ोरों पर है। 25 जनवरी को यहां के मरीना पार्क रोड में गणतंत्र दिवस समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल हुआ। समारोह के उपलक्ष्य में नगर तथा आस-पास के क्षेत्रों को सजाने का कार्य भी चरम पर है। 26 जनवरी, 2026 को श्री विजय पुरम के मरीना पार्क रोड में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह का धूमधाम से आयोजन किया जाएगा। मुख्य समारोह में अंडमान तथा निकोबार द्वीपसमूह के माननीय उप राज्यपाल एवं द्वीप विकास एजेंसी के उपाध्यक्ष एडमिरल डी.के जोशी (अ.प्रा.) सुबह 8.37 बजे राष्ट्रीय तिरंगा फहराएंगे। इस दौरान हेलीकॉप्टरों से पुष्प वर्षा की जाएगी। माननीय उप राज्यपाल परेड का निरीक्षण करेंगे। उसके बाद पदकों, साहसिक पुरस्कारों और उप राज्यपाल के प्रशस्ति पत्रों का वितरण करेंगे। सुबह 8.55 बजे मरीना पार्क से माननीय उप राज्यपाल द्वीपवासियों को सम्बोधित करेंगे।

समारोह में सैन्य बलों, पुलिस, वन, एनसीसी तथा स्कूली छात्र-छात्राओं की टुकड़ियों द्वारा मार्च पास्ट किया जाएगा। इसके उपरांत विभिन्न विभागों की विकास गतिविधियों को दर्शाती हुई झांकियां निकाली जाएंगी। भारतीय रिज़र्व बटालियन का डेरडेविल बाइक शो के बाद स्कूली बच्चों द्वारा विभिन्न राज्यों की पारम्परिक वेशभूषा में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। राष्ट्रगान के साथ समारोह सम्पन्न होगा। समारोह स्थल पहुंचने से पहले माननीय उप राज्यपाल राष्ट्रीय स्मारक सेल्यूलर जेल जाएंगे और शहीद स्तम्भ पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि देंगे। पूरे द्वीपसमूह में सरकारी विभागों, शिक्षा संस्थानों, रक्षा प्रतिष्ठानों तथा अन्य निजी भवनों में भी 77वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और विविध कार्यक्रमों के आयोजन किए जाएंगे।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in