

नागराकाटा : मंगलबाड़ी बस्ती का डीबीसी स्पोर्टिंग क्लब इस वर्ष भी भव्य स्तर पर काली पूजा का आयोजन करने जा रहा है। रविवार को मंगलबाड़ी बस्ती प्राथमिक विद्यालय के मैदान में खूंटी पूजा के साथ क्लब की 38वीं काली पूजा की तैयारियों का शुभारंभ हुआ।
पारंपरिक रीति-रिवाजों और विधि-विधान के साथ खूंटी पूजा संपन्न की गई। इस वर्ष पूजा को आकर्षक बनाने के लिए भव्य काल्पनिक मंडप तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही शानदार विद्युत सज्जा और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा, जिसमें आमंत्रित कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
पूजा कमेटी के सचिव दिनेश शर्मा ने बताया कि इस बार भी बड़े बजट के साथ पूजा आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह मेटेली ब्लॉक की प्रमुख काली पूजाओं में से एक है। आयोजकों को उम्मीद है कि पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचेंगे।
रविवार को आयोजित खूंटी पूजा में पूजा कमेटी के पदाधिकारियों के साथ स्थानीय महिलाएं भी उपस्थित रहीं।