हावड़ा : बहू को धारदार हथियार से मार डाला, आरोपी ससुर गिरफ्तार

सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो User
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा के उदयनारायणपुर स्थित भवानीपुर विधि चंद्रपुर ग्राम पंचायत इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक कलह के चलते ससुर ने अपनी 5 महीने की गर्भवती बहू की धारदार हथियार (काटारी) से हमला कर हत्या कर दी। मृतका की पहचान सलमा खातून (26) के रूप में हुई है। सोमवार सुबह घरेलू विवाद के दौरान आरोपी ससुर शेख लियाकत ने गुस्से में आकर सलमा के सिर पर वार कर दिया। लहुलूहान हालत में सलमा को आमता ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।

अक्सर होता था झगड़ा, दो मासूम बेटियों के सिर से उठा मां का साया

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सलमा का विवाह 8 साल पहले जाबिर आलम से हुआ था, जो गुजरात के सूरत में सोने का काम करता है। दंपत्ति की 4 और 6 साल की दो छोटी बेटियां हैं। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले सलमा को प्रताड़ित करते थे और लगभग 4 महीने पहले भी ससुर ने उसके सिर पर हमला किया था। पुलिस ने मामले की एफआईआर दर्ज कर ली है और परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in