

अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में एक दुखद घटना ने पूरे समुदाय को झकझोर दिया। यहां छात्रों की एक शरारत उस समय हादसे में बदल गई जब एक हाई स्कूल शिक्षक की जान चली गई। 40 वर्षीय गणित शिक्षक जेसन ह्यूजेस की मौत उस समय हो गई जब छात्रों के किए गए प्रैंक के दौरान वह सड़क पर गिर पड़े और एक पिकअप ट्रक की चपेट में आ गए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह घटना 5 मार्च को गेन्सविल स्थित नॉर्थ हॉल हाई स्कूल के पास हुई। छात्रों ने मजाक के तौर पर ह्यूजेस के घर के पेड़ों पर टॉयलेट पेपर लपेट दिया था। अमेरिका में किशोरों के बीच यह एक आम शरारत मानी जाती है।
जब जेसन ह्यूजेस घर से बाहर आए तो छात्रों ने वहां से भागना शुरू कर दिया। इसी दौरान हुई अफरा-तफरी में ह्यूजेस सड़क पर गिर पड़े। तभी 18 वर्षीय जेडन रयान वॉलेस द्वारा चलाया जा रहा पिकअप ट्रक वहां से गुजर रहा था और वह उनकी चपेट में आ गए।
हॉल काउंटी शेरिफ कार्यालय के अनुसार, वॉलेस जब अपनी पिकअप ट्रक लेकर नॉर्थ गेट ड्राइव से गुजर रहा था, तभी ह्यूजेस सड़क पर गिर पड़े और वाहन उनके ऊपर चढ़ गया। घायल हालत में उन्हें तुरंत नॉर्थईस्ट जॉर्जिया मेडिकल सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक जेडन रयान वॉलेस के खिलाफ फर्स्ट-डिग्री वाहन हत्या, लापरवाह ड्राइविंग, आपराधिक अतिक्रमण और कचरा फैलाने सहित कई आरोप लगाए हैं। घटना में शामिल चार अन्य किशोरों पर भी आपराधिक अतिक्रमण और कचरा फैलाने के मामूली आरोप लगाए गए हैं।
हॉल काउंटी स्कूल डिस्ट्रिक्ट के सुपरिंटेंडेंट विल स्कोफील्ड ने कहा कि जेसन ह्यूजेस एक समर्पित शिक्षक, कोच और परिवार के प्रति समर्पित व्यक्ति थे, जिन्हें छात्र और सहकर्मी बेहद सम्मान देते थे।