हत्याकांड सुलझाने वाली पुलिस टीम सम्मानित

हरियाणा के पेहोवा में दर्ज हत्या मामले में तीन आरोपितों की गिरफ्तारी में निभाई थी अहम भूमिका
हत्याकांड सुलझाने वाली पुलिस टीम सम्मानित
Published on: 

सिलीगुड़ी: अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई और आरोपितों की गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाने वाली सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस की टीमों को सम्मानित किया गया। सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त सैयद वकार रजा, आईपीएस ने बागडोगरा थाना और स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) के पुलिसकर्मियों को उनके उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा के पेहोवा थाने में दर्ज एक हत्या के मामले में तीन आरोपित वारदात के बाद भागकर सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में पहुंच गए थे। इस मामले में बागडोगरा थाना और एसओजी की टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। दूसरे राज्य में दर्ज गंभीर आपराधिक मामले के आरोपितों की तलाश और गिरफ्तारी में पुलिस की कार्रवाई को उल्लेखनीय माना गया।

इसके अलावा, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ करने और इसमें शामिल आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए एसओजी की टीम को अलग से पुरस्कृत किया गया। पुलिस टीम ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए संबंधित आरोपितों को पकड़ने में सफलता हासिल की।

पुलिस आयुक्त ने दोनों अभियानों में शामिल पुलिसकर्मियों के प्रयासों की सराहना की। इन कार्रवाइयों को अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में पुलिस की सक्रियता के तौर पर देखा जा रहा है।

लगातार बदलते आपराधिक तौर-तरीकों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में अपराध कर भागने वाले आरोपितों की गिरफ्तारी और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर कार्रवाई पुलिस के लिए महत्वपूर्ण चुनौती बनी हुई है। ऐसे मामलों में पुलिस की विभिन्न इकाइयों के बीच समन्वय की अहम भूमिका रहती है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in