

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : अंडमान एवं निकोबार पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 36 हजार करोड़ रुपये मूल्य की 6000 किलोग्राम से अधिक मेथामफेटामिन को चरणबद्ध तरीके से नष्ट कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह कार्रवाई पीएस सी एंड ईओ एफआईआर नंबर 111/24 दिनांक 26.11.2024 से संबंधित मामले में की गई, जो एनडीपीएस अधिनियम 1985 की विभिन्न धाराओं तथा विदेशी अधिनियम 1946 और भारतीय न्याय संहिता 2023 के प्रावधानों के तहत दर्ज किया गया था। एनडीपीएस अधिनियम 1985 तथा एनडीपीएस (जप्ती, भंडारण, नमूना और निपटान) नियम 2022 के प्रावधानों का पालन करते हुए इस विशाल मात्रा में जब्त मादक पदार्थ का पूर्व-ट्रायल निपटान चरणबद्ध तरीके से किया गया। इतनी बड़ी मात्रा होने के बावजूद पूरी प्रक्रिया सावधानीपूर्वक योजना, समन्वय और कानूनी प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन करते हुए सफलतापूर्वक पूरी की गई। मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ लड़ाई में यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के पुलिस महानिदेशक श्री हरगोबिंदर सिंह ढालीवाल के नेतृत्व में लगभग 6003.550 किलोग्राम मेथामफेटामिन को वैज्ञानिक तरीके से नष्ट किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत लगभग 36 हजार करोड़ रुपये बताई गई है। यह पूरी प्रक्रिया 26 जून 2025 से 12 मार्च 2026 के बीच मिनी बे स्थित आईएनएचएस धन्वंतरी के इन्सिनरेशन प्लांट में पूरी की गई। इस कार्य की निगरानी उच्च स्तरीय ड्रग निपटान समिति द्वारा की गई, जिसकी अध्यक्षता डॉ. ए. कोआन, आईपीएस, डीआईजीपी (पीआर) कर रहे थे। समिति के अन्य सदस्यों में आईपीएस अधिकारी जितेंद्र कुमार मीणा, डीआईजीपी (सीआईडी) और दानिप्स अधिकारी रविकांत कुमार, एसपी (कमांडेंट होमगार्ड) शामिल थे। मादक पदार्थों को वैज्ञानिक तरीके से इन्सिनरेशन के माध्यम से चरणबद्ध ढंग से नष्ट किया गया, जिसमें सभी कानूनी प्रक्रियाओं, सुरक्षा मानकों और पर्यावरणीय दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया गया। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न की गई। इस प्रक्रिया का अंतिम चरण 12 मार्च 2026 को पुलिस महानिदेशक हरगोबिंदर सिंह ढालीवाल, एडीजीपी (लॉ एंड ऑर्डर) सिंधु पिल्लई ए सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और ड्रग निपटान समिति के सदस्यों की उपस्थिति में पूरा किया गया। इसके साथ ही अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के इतिहास में सबसे बड़े मादक पदार्थ नष्ट करने के अभियानों में से एक सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस पूरी प्रक्रिया में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने नियमित सरकारी कार्यों के साथ-साथ इस जिम्मेदारी को भी पूरी लगन और मेहनत से निभाया। भारी कार्यभार और अन्य दायित्वों के बावजूद उन्होंने पूरे निपटान काल के दौरान समन्वय, सुरक्षा व्यवस्था, दस्तावेजीकरण और मादक पदार्थों के सुरक्षित प्रबंधन को सुनिश्चित किया। अंडमान एवं निकोबार पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी और नशे के दुरुपयोग के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा है कि द्वीपों को नशीले पदार्थों के खतरे से मुक्त रखने के लिए निरंतर कार्रवाई, खुफिया आधारित अभियान और जन जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या नशे से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि मिलकर एक सुरक्षित और नशा मुक्त समाज का निर्माण किया जा सके। इसके लिए 112, 234216, 9476022992 और 9531856080 नंबरों पर सूचना दी जा सकती है।