कालीघाट में फिर बढ़ी पुलिस तैनाती, ममता बनर्जी के घर के बाहर सुरक्षा कड़ी

रात में हटाई गई थी फोर्स, सुबह 9 बजे के बाद फिर बढ़ी पुलिस और केंद्रीय बल की मौजूदगी, बारुईपुर को लेकर सतर्क प्रशासन
कालीघाट में फिर बढ़ी पुलिस तैनाती, ममता बनर्जी के घर के बाहर सुरक्षा कड़ी
Published on

कोलकाता के कालीघाट इलाके में सोमवार सुबह एक बार फिर पुलिस और केंद्रीय बल की तैनाती बढ़ा दी गई। रविवार देर रात सुरक्षा बलों को हटाए जाने के बाद सुबह कुछ समय तक इलाके में सामान्य स्थिति थी, लेकिन सुबह 9 बजे के बाद अचानक पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ने लगी।

रविवार शाम से ही पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। तृणमूल कांग्रेस के आईटी सेल ने इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए आरोप लगाया कि ममता बनर्जी को बारुईपुर जाने से रोकने के लिए उनके घर को पुलिस ने घेर लिया है। पार्टी के कई नेता भी उनके आवास पर पहुंचने लगे थे।

ममता बनर्जी ने भी आरोप लगाया कि उन्हें नजरबंद करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, देर रात पुलिस और केंद्रीय बल को वहां से हटा लिया गया था।

सोमवार सुबह शुरुआत में इलाके में पुलिस की मौजूदगी कम थी, लेकिन समय बढ़ने के साथ फिर से बड़ी संख्या में पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए। ममता बनर्जी के घर की ओर जाने वाले रास्ते पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई।

प्रशासन का कहना है कि बारुईपुर में किसी भी तरह की अप्रिय घटना या तनाव को रोकने के लिए एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सूत्रों के अनुसार, दिन चढ़ने के साथ सुरक्षा व्यवस्था और भी मजबूत की जा सकती है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in