शांति की सबसे मजबूत गारंटी है सांस्कृतिक संबंध : SCO में PM का आह्वान

मोदी ने ‘SCO सभ्यतागत मंच’ के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया, पाक मंत्री भी थे मौजूद
PM_MODI_in_sco_inauguration
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘SCO सभ्यतागत मंच’ के उद्घाटन समारोह को किया संबोधित
Published on: 

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग विभिन्न देशों के बीच संबंधों को मजबूत करेगा तथा 21वीं सदी की प्रौद्योगिकी ने सांस्कृतिक जुड़ाव के लिए नयी संभावनाएं पैदा की हैं।

‘पूरी दुनिया पर युद्ध और अशांति हावी’

मोदी ने राष्ट्रीय राजधानी के ऐतिहासिक पुराना किला परिसर में पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन करते हुए कहा कि भारत के संग्रहालयों, पुस्तकालयों और अभिलेखागारों में हजारों साल की अमूल्य विरासत संरक्षित है और प्रौद्योगिकी की मदद से इस विरासत को नयी पीढ़ी तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने एक बार फिर से दुनिया को शांति का संदेश देते हुए कहा कि इस सम्मेलन का आयोजन ऐसे समय में हो रहा है जब पूरी दुनिया पर युद्ध और अशांति हावी है। इस समय हम भारत में सभ्यतागत संवाद (सिविलाइजेशनल डॉयलॉग) को मजबूत कर रहे हैं। यह इसलिए भी अहम है कि वैश्विक स्तर पर शांति के लिए सांस्कृतिक संबंध ही सबसे मजबूत गारंटी है।

SCO दुनिया को दिशा देने वाला मंच

मोदी ने कहा कि साम्राज्यों ने बेशक दुनिया के नक्शे बदले हैं, लेकिन सभ्यताओं के बीच संवाद ने दुनिया के विचारों को बदला है और उन्हें समृद्ध किया है। इसलिए SCO सभ्यतागत शिखर सम्मेलन केवल एक औपचारिक मंच नहीं है, बल्कि यह दुनिया को दिशा देने वाला मंच बन सकता है। उन्होंने कहा कि जिन देशों तक पहुंचने के लिए कभी हमारे पूर्वजों को महीनों सफर करना पड़ता था, उन्हीं देशों के लोग अब कुछ ही सेकंड में एक-दूसरे से जुड़ सकते हैं। डिजिटल मंच ने ज्ञान बांटने, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को पहले से कहीं ज्यादा आसान बना दिया है। SCO के देशों को इन नयी संभावनाओं का भरपूर लाभ उठाना चाहिए।

22 नवंबर तक चलेगा सभ्यतागत संवाद मंच

भारत ऐतिहासिक पुराना किला परिसर में इस तीन दिवसीय मंच का आयोजन कर रहा है। केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय पुराना किला परिसर में 20 से 22 नवंबर तक तीन दिवसीय सभ्यतागत संवाद मंच की मेजबानी कर रहे हैं। SCO फोरम के दौरान पुराना किला में भारत की सभ्यतागत विरासत और संस्कृति पर आधारित प्रदर्शनियां भी लगायी गयी हैं। इसमें SCO के सदस्य देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। SCO का गठन 2001 में शंघाई में हुए एक शिखर सम्मेलन में रूस, चीन, किर्गिज गणराज्य, कजाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपतियों ने किया था। वर्ष 2017 में भारत और पाकिस्तान SCO के स्थायी सदस्य बने जबकि 2023 में ईरान इस समूह में शामिल हुआ।

पाकिस्तान को न्योता, विपक्ष का हमला

पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक इस आयोजन में अपने देश की नुमायंदगी कर रहे हैं। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद यह किसी पाकिस्तानी नेता का पहला भारत दौरा है। गौरतलब है कि भारत सरकार ने बतौर आयोजक मंच में भाग लेने के लिए पाकिस्तान को औपचारिक न्योता दिया था। इसके लिए मोदी सरकार को विपक्ष के आरोपों का भी झेलना पड़ा है। विपक्ष का कहना था कि जब तक पाकिस्तान सीमा पार से आतंकवाद बंद करने की गारंटी नहीं दे देता तब तक उससे इस तरह के औपचारिक ताल्लुकात नहीं रखे जाने चाहिए।

संवाद से एक-दूसरे के विचार को समझेंगे : मलिक

इस अवसर पर पाकिस्तान के मंत्री मलिक ने उम्मीद जतायी कि इस फोरम के बाद भारत-पाकिस्तान समेत सभी देशों के रिश्ते बेहतर होंगे। उन्होंने कहा कि संस्कृति की भूमिका सिर्फ दो देशों के बीच नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अहम है। उन्होंने कहा कि एक-दूसरे के विचारों और रहन-सहन को समझे बिना आगे बढ़ना संभव नहीं है। आपसी संवाद से ही एक-दूसरे का नजरिया समझने और पूरे क्षेत्र को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News