पीएम मोदी रेड रोड पर करेंगे योग, जुटेंगे लाखों लोग

स्वास्थ्य विभाग ने राज्यभर में विशेष योग सत्रों की तैयारियां पूरी कीं
पीएम मोदी रेड रोड पर करेंगे योग, जुटेंगे लाखों लोग
Published on

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस रविवार को कोलकाता में ऐतिहासिक स्वरूप में मनाया जाएगा। पहली बार पश्चिम बंगाल को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। कोलकाता में मुख्य आयोजन में लगभग 35 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है, जबकि राज्यभर में करीब 10 लाख लोगों के योग सत्रों में भाग लेने का अनुमान है। स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखर्जी ने कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक संतुलन और रोगों की रोकथाम का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों से जुड़ने का आह्वान किया।

राज्यभर के अस्पतालों में विशेष आयोजन

स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों, सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों, ग्रामीण अस्पतालों, ब्लॉक स्वास्थ्य केंद्रों और शहरी स्वास्थ्य इकाइयों में विशेष योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। डॉक्टर, नर्स, स्वास्थ्यकर्मी, मेडिकल छात्र और आम नागरिक इसमें भाग लेंगे।

हुगली में 500 नौकाओं पर होगा योग

इस वर्ष के आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण हुगली नदी पर लगभग 500 नौकाओं पर सामूहिक योग प्रदर्शन होगा। इसके अलावा योग कार्निवल और विभिन्न सामुदायिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सुबह 6:30 बजे प्रधानमंत्री का संबोधन होगा, जबकि 7 बजे से 7:45 बजे तक सामूहिक ‘कॉमन योग प्रोटोकॉल’ सत्र आयोजित किया जाएगा।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in