पीएम मोदी ने बंगाल की सांस्कृतिक चेतना को किया नमन

कहा, बंगाल ने देश को दी विचारधारा
पीएम मोदी ने बंगाल की सांस्कृतिक चेतना को किया नमन
Published on

केडी पार्थ , सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिंगूर की जनसभा में पश्चिम बंगाल की सांस्कृतिक, साहित्यिक और राष्ट्रवादी विरासत को याद करते हुए कहा कि यह धरती भारत के स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल ने देश को वह विचारधारा दी, जिसने आज़ादी की लौ को जन-जन तक पहुंचाया। पीएम मोदी ने ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए इसे सिर्फ स्वतंत्रता का उद्घोष नहीं, बल्कि विकसित भारत का मंत्र बताया।

वंदे मातरम और बंगाल का ऐतिहासिक संबंध

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ का बंगाल से गहरा नाता है। बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने इस महान गीत की रचना कर देश को राष्ट्रीय चेतना से जोड़ा। उन्होंने कहा कि संसद में विशेष चर्चा कर पूरे देश ने वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने का गौरवपूर्ण स्मरण किया और पंकिमचंद्र को श्रद्धांजलि दी।

नेताजी सुभाषचंद्र बोस को राष्ट्रीय सम्मान

पीएम मोदी ने कहा कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस जैसे महान स्वतंत्रता सेनानी को वह सम्मान पहले नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे। भाजपा सरकार ने पहली बार इंडिया गेट पर नेताजी की भव्य प्रतिमा स्थापित की और अंडमान-निकोबार के द्वीपों का नामकरण उनके नाम पर किया। उन्होंने बताया कि 23 जनवरी से 30 जनवरी तक के राष्ट्रीय कार्यक्रमों को नेताजी की जयंती से महात्मा गांधी की पुण्यतिथि तक जोड़कर नई परंपरा शुरू की गई।

गुरुदेव टैगोर से विवेकानंद तक विरासत का सम्मान

प्रधानमंत्री ने रवींद्रनाथ टैगोर, ईश्वरचंद्र विद्यासागर, राजा राममोहन राय और स्वामी विवेकानंद के योगदान को याद करते हुए कहा कि इन महापुरुषों से जुड़े स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना भाजपा सरकार की प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि यह बंगाल की आत्मा का सम्मान है।

विकास और विरासत का भाजपा मॉडल

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा विकास और विरासत दोनों को समान महत्व देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने बंगाल की संस्कृति को राजनीति के चश्मे से देखा, जबकि भाजपा ने इसे गौरव और सम्मान के साथ आगे बढ़ाया।

सुशासन से ही विरासत को मिलेगी सही दिशा

सभा के अंत में पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की अपार सांस्कृतिक शक्ति और क्षमता को सही दिशा देने के लिए सुशासन जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही वह दल है जो बंगाल की विरासत को सुरक्षित रखते हुए उसे विकसित भारत के सपने से जोड़ सकती है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in