PF का पैसा किस्तों में निकालने की सुविधा SWP को मंजूरी
नयी दिल्ली : प्राइवेट सेक्टर में नौकरी करने वालों को अब रिटायरमेंट के बाद अपना पूरा EPF पैसा एक साथ निकालने की जरूरत नहीं होगी। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने रिटायरमेंट के बाद PF का पैसा किस्तों में निकालने की सुविधा यानी सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) को मंजूरी दे दी है। इसके तहत कर्मचारी अपनी जरूरत के हिसाब से हर महीने, तीन महीने या साल में एक बार PF का पैसा निकाल सकेंगे। वहीं खाते में बची हुई रकम पर ब्याज भी मिलता रहेगा। EPFO ने साथ ही PF अकाउंट में अनिवार्य मिनिमम बैलेंस की शर्त भी 25 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत कर दी है।
EPF का नया SWP प्लान?
अभी तक रिटायरमेंट के बाद कर्मचारी अपने PF खाते में जमा पूरी रकम निकाल सकते हैं। मौजूदा व्यवस्था के अनुुसार रिटायरमेंट के तीन साल के भीतर पूरी रकम नहीं निकालने पर खाता निष्क्रिय हो जाता है। लेकिन नये SWP प्लान के तहत अब कर्मचारियों को पूरा पैसा एक साथ निकालने की जरूरत नहीं होगी। श्रममंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की बैठक में इस प्रस्ताव को हरी झंडी दी गयी। नियमों के अनुसार 58 साल की उम्र में रिटायर होने पर कर्मचारी अपने EPF बैलेंस की पूरी रकम निकालने के पात्र होते हैं। वहीं कम से कम 10 साल की नौकरी पूरी करने पर EPS के तहत मासिक पेंशन भी मिलती है। नये प्लान में रिटायर कर्मचारी अपनी जमा रकम का कुछ हिस्सा नियमित अंतराल पर निकाल सकेंगे। बाकी पैसा EPF खाते में रहेगा और उस पर ब्याज मिलता रहेगा। फिलहाल EPF पर ब्याज दर 8.25 फीसदी है।
पैसा निकालने के लिए तीन अलग-अलग विकल्प
SWP के तहत कर्मचारियों को पैसा निकालने के कई विकल्प मिल सकते हैं। वे हर महीने, तीन महीने या सालाना आधार पर रकम निकाल सकेंगे। इस ढांचे के तहत कर्मचारियों को पैसा निकालने के लिए तीन अलग-अलग विकल्प मिलने की उम्मीद है। पहले विकल्प में कर्मचारी अपनी पूरी जमा राशि को तय समय पर नियमित किस्तों में निकाल सकेंगे। दूसरे विकल्प में वे शुरुआत में एक हिस्सा एकमुश्त निकालकर बाकी रकम को किस्तों में ले सकते हैं। वहीं तीसरे विकल्प में मूलधन को खाते में सुरक्षित रखकर सिर्फ उस पर मिलने वाले ब्याज की निकासी की जा सकेगी। इसके अलावा सदस्य जरूरत पड़ने पर इस प्लान को बीच में बंद करके बाकी बची पूरी रकम भी क्लेम कर सकेंगे। अगर भुगतान की अवधि के दौरान किसी सदस्य की मृत्यु हो जाती है, तो नॉमिनी या आश्रित के पास बची हुई राशि एक साथ निकालने या नियमित किस्तें जारी रखने का विकल्प मौजूद रहेगा।
50 लाख के PF पर कितना मिलेगा फायदा?
EPFO के अनुमान के अनुसार SWP के तहत पैसा निकालने पर बैंक FD और कमर्शियल एन्युटी के मुकाबले ज्यादा रकम मिल सकती है। EPFO के अनुमान के अनुसार 50 लाख रुपये के रिटायरमेंट फंड पर अलग-अलग निवेश विकल्पों में मिलने वाला रिटर्न अलग होगा। कमर्शियल एन्युटी में 6 फीसदी ब्याज दर के हिसाब से हर महीने करीब 30,637 रुपये मिलेंगे और 20 साल में कुल 73.5 लाख रुपये मिलेंगे। वहीं, बैंक FD में 7 फीसदी ब्याज के हिसाब से हर महीने 32,492 रुपये का भुगतान होगा और 20 साल में कुल 78 लाख रुपये मिलेंगे। जबकि EPF SWP में 8 फीसदी ब्याज दर के हिसाब से हर महीने करीब 41,822 रुपये मिल सकते हैं। इस तरह 20 साल में कुल भुगतान करीब 1 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। इन आंकड़ों के मुताबिक, EPF SWP में 20 साल के दौरान करीब 1 करोड़ रुपये का भुगतान मिल सकता है।
मासिक पेंशन जारी रहेगी
हालांकि यह सुविधा तुरंत लागू नहीं होगी और EPFO द्वारा औपचारिक अधिसूचना तथा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी होने के बाद ही शुरू हो पायेगी। शुरुआती चरण में इसका लाभ वैधानिक EPF ढांचे के तहत आने वाले सदस्यों को मिलेगा, जबकि एग्जेम्प्टेड ट्रस्ट वाले कर्मचारी फिलहाल इससे बाहर रह सकते हैं। यह सुविधा EPF फंड से जुड़ी है और EPS के तहत मिलने वाली मासिक पेंशन पहले की तरह अलग लाभ के रूप में जारी रहेगी।