

सन्मार्ग संवाददाता
हुगली : जिले में मतगणना प्रक्रिया मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। मतगणना केंद्रों और स्ट्रांग रूम के आसपास केंद्रीय बलों के जवान आधुनिक हथियारों के साथ तैनात रहे। सुबह से ही पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
प्रशासन द्वारा चप्पे-चप्पे पर पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई थी। मतगणना केंद्रों के बाहर बैरिकेडिंग कर प्रवेश को नियंत्रित किया गया था और केवल अधिकृत कर्मियों को ही अंदर जाने की अनुमति दी गई। हर केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी गई, जबकि वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे।
जिले की कुल 18 विधानसभा सीटों के लिए 6 अलग-अलग स्थानों पर स्ट्रांग रूम बनाए गए थे। इन स्थानों पर मतगणना से पहले ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को सुरक्षित रखा गया था। मतगणना शुरू होने से पहले प्रत्याशियों और उनके एजेंटों की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम खोले गए, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
श्रीरामपुर कॉलेज में उत्तरपाड़ा, श्रीरामपुर, चांपदानी, चंडीतला और जंगीपाड़ा विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना की व्यवस्था की गई थी। वहीं, चंदननगर कॉलेज में हरिपाल और तारकेश्वर सीटों की गिनती हुई। कानाईलाल स्कूल में चंदननगर और सिंगुर के लिए स्ट्रांग रूम बनाए गए थे।
इसी तरह, हुगली इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में चुचुड़ा, धनियाखाली, पांडुआ और बालागढ़ सीटों की मतगणना हुई। बैंडेल सर्वे कॉलेज में सप्तग्राम विधानसभा क्षेत्र के लिए व्यवस्था की गई थी। आरामबाग सब डिविजन के अंतर्गत आने वाली सीटों—आरामबाग, पुरशुड़ा, खानाकुल और गोघाट—के लिए नेताजी कॉलेज में स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्र स्थापित किए गए थे।
मतगणना के दौरान सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क रहीं और किसी भी तरह की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली। प्रशासन के अनुसार, पूरे जिले में मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से पूरी हुई।