रातों-रात पार्टी कार्यालय बन गया किराने की दुकान!

पूर्व पार्षद पर लगा कब्जा करने का आरोप
Party office turned into a grocery store overnight!
इसी दुकान को बताया जा रहा है पार्टी कार्यालय REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

पानीहाटी : पानीहाटी में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक पार्टी कार्यालय को कथित तौर पर किराने की दुकान (Grocery Shop) में बदल दिया गया है। आरोप किसी और पर नहीं, बल्कि इलाके के ही पूर्व TMC पार्षद तापस सिन्हा पर लगा है। अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उन पर पार्टी की जगह कब्जाने का आरोप लगाया है।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना पानीहाटी नगर पालिका के वार्ड नंबर 15 के अंतर्गत आने वाले शांतिनगर इलाके की है। बताया जा रहा है कि इस कार्यालय का निर्माण दिवंगत टीएमसी नेता काजल सिन्हा ने पार्टी कार्यकर्ताओं के सहयोग से किया था। लंबे समय से इसका उपयोग पार्टी की गतिविधियों के लिए हो रहा था, लेकिन अचानक यहाँ किराने का सामान बिकने लगा।

पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं की प्रतिक्रिया

स्थानीय टीएमसी कार्यकर्ता जयदेव पाइक ने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा, "पार्टी का कार्यालय एक बार बन जाए तो वह संगठन की संपत्ति होती है, किसी व्यक्ति की नहीं। यह गलत है और हम इसकी शिकायत उच्च नेतृत्व से करेंगे।" वहीं, पानीहाटी के विधायक निर्मल घोष ने आश्वासन दिया है कि वह पार्टी कार्यालय को बचाने के लिए जरूरी कदम उठाएंगे।

बीजेपी का तंज

इस घटनाक्रम पर चुटकी लेते हुए स्थानीय भाजपा नेता जय साहा ने कहा, "तृणमूल नेताओं को समझ आ गया है कि वे अब सत्ता में नहीं लौटने वाले। इसलिए अपना घर चलाने के लिए उन्होंने अभी से मुदीखाना (किराने की दुकान) खोलना शुरू कर दिया है।" आरोपी पूर्व पार्षद तापस सिन्हा ने फिलहाल इस मामले पर चुप्पी साध रखी है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in