पार्क सर्कस काली मंदिर के 75 साल पूरे, 100 किलो आम से सजा मंदिर बना आकर्षण का केंद्र

भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और खिचड़ी भोग के साथ मनाया गया स्थापना दिवस, बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु
पार्क सर्कस काली मंदिर के 75 साल पूरे, 100 किलो आम से सजा मंदिर बना आकर्षण का केंद्र
Published on

कोलकाता : पार्क सर्कस स्थित प्रसिद्ध काली मंदिर के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को भव्य धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस खास अवसर पर मंदिर को करीब 100 किलो आम से अनोखे अंदाज में सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

सुबह से ही मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना, विशेष धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और मां काली की आराधना का सिलसिला शुरू हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और मां काली के दर्शन कर सुख, समृद्धि एवं मंगल की कामना की।

मंदिर समिति की ओर से 75वें स्थापना वर्ष को यादगार बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी सजावट, फूलों और आमों की आकर्षक सजावट से भव्य स्वरूप दिया गया। आमों से की गई अनूठी सजावट कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही और लोगों ने इसकी जमकर सराहना की।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी भोग का वितरण भी किया गया। सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि 75 वर्षों की इस गौरवशाली यात्रा को श्रद्धालुओं के सहयोग और मां काली की कृपा से विशेष रूप से मनाया गया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न हिस्सों से आए भक्तों ने भाग लेकर आयोजन की शोभा बढ़ाई।

स्थापना दिवस समारोह ने न केवल मंदिर की समृद्ध परंपरा को याद किया, बल्कि श्रद्धालुओं के बीच आध्यात्मिक एकता और भक्ति भाव को भी मजबूत किया।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in