कचरे की समस्या से परेशान व्यापारियों ने बीटी रोड किया जाम

पुलिस पहुंची, बहाल कराया यातायात
Panihati News: Local Traders Block BT Road Over Garbage Problem
पानीहाटी में बीटी रोड के किनारे कचरे को लेकर जताया गया विरोध
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

पानीहाटी : पानीहाटी में लंबे समय से कचरे के अंबार से परेशान स्थानीय व्यापारियों के सब्र का बांध शनिवार दोपहर को टूट गया। कचरा निस्तारण की मांग को लेकर गुस्साए दुकानदारों और व्यापारियों ने बीटी रोड पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। व्यापारियों का आरोप है कि बीटी रोड से सटी उनकी दुकानों के सामने लंबे समय से कचरे का ढेर लगा हुआ है। इस संबंध में स्थानीय प्रशासन और अधिकारियों से बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का कोई समाधान नहीं निकाला गया। गंदगी और बदबू के कारण व्यापार तो प्रभावित हो ही रहा था, साथ ही बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा था। कोई रास्ता न देखकर दुकानदारों को बीटी रोड जाम करने के लिए मजबूर होना पड़ा। सड़क जाम होने के कारण बीटी रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ। घटना की सूचना मिलते ही खड़दह थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर विरोध-प्रदर्शन समाप्त कराया तथा यातायात व्यवस्था को सामान्य किया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in