पानीहाटी नगरपालिका में दूर होगा प्रशासनिक गतिरोध

72 घंटे में प्रशासक नियुक्त करेगी राज्य सरकार : राज्य मंत्री उमेश राय
State Government to Appoint Administrator in Panihati Municipality Soon
फाइल फोटो REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

पानीहाटी: दीर्घकालिक प्रशासनिक गतिरोध से जूझ रही पानीहाटी नगरपालिका की सेवाओं को पटरी पर लाने के लिए राज्य सरकार ने प्रशासक (Administrator) नियुक्त करने का फैसला किया है। गुरुवार को राज्य के नगर विकास मंत्री उमेश राय ने बताया कि अगले 72 घंटों के भीतर पानीहाटी नगरपालिका में प्रशासक की नियुक्ति कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिक सेवाओं को सुचारू बनाने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है और इस संबंध में नगरपालिका को शो-कॉज नोटिस भी भेजा गया है।

राजनीतिक उथल-पुथल के बाद से नगरपालिका में काम-काज पूरी तरह ठप पड़ा था। चेयरमैन सोमनाथ दे लंबे समय से अनुपस्थित हैं, जबकि दो पार्षद जेल में बंद हैं और 13 पार्षदों ने इस्तीफा दे दिया है। चेयरमैन की मंजूरी न मिलने के कारण 'आशा', 'निर्मल बंधु' और डेंगू नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े करीब 1,500 अस्थायी कर्मचारियों का वेतन रुका हुआ है।

वेतन न मिलने से नाराज कर्मचारियों ने हाल ही में परिसर में प्रदर्शन भी किया था। सफाई और अन्य आपातकालीन सेवाएं प्रभावित होने पर बैरकपुर के उप-विभागीय अधिकारी (SDO) ने राज्य सरकार को रिपोर्ट भेजी थी। अब प्रशासक की नियुक्ति से पानीहाटी में सेवाएं जल्द सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in