

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
पानीहाटी : राज्यव्यापी खाद्य सुरक्षा सप्ताह के तहत पानीहाटी नगरपालिका क्षेत्र में खाद्य विभाग, पुलिस और स्थानीय स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। बीटी रोड और सोदपुर ट्रैफिक मोड़ जैसे प्रमुख व्यावसायिक इलाकों में स्थित बड़े होटलों, रेस्टोरेंटों और मिठाई की दुकानों पर अधिकारियों की अचानक दबिश से हड़कंप मच गया।
जांच टीम ने प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, किचन की साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान एक प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठान में गंभीर अनियमतताएं पाए जाने पर अधिकारियों ने उसे तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से बंद करवा दिया। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले किसी भी कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन के इस कड़े रुख से क्षेत्र के अन्य खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और मानक के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराना है। आने वाले दिनों में भी इस तरह की औचक जांच लगातार जारी रहेगी ताकि सभी प्रतिष्ठान नियमों का सख्ती से पालन करें।