पानीहाटी: 600 मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब !

हासनाबाद में भी सड़क पर टायर जलाकर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन
Panihati: 600 Voter Names Missing from List, Protests with Burning Tyres
पानीहाटी में टायर जलाकर प्रदर्शन करते लोग
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

पानीहाटी: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के अंतर्गत पानीहाटी नगर पालिका के वार्ड नंबर 19 में मतदाता सूची को लेकर भारी तनाव पैदा हो गया है। चुनाव से ठीक पहले इस वार्ड के 10 बूथों से लगभग 600 मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। इस घटना से आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और सड़क पर टायर जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।

तीसरी सप्लीमेंट्री लिस्ट के बाद भी नाम गायब

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मतदाता सूची (SIR) की तीसरी सप्लीमेंट्री लिस्ट जारी होने के बाद भी वार्ड नंबर 19 के 10 अलग-अलग बूथों के मतदाताओं के नाम गायब मिले। नाटागढ़ कालीतला इलाके में बड़ी संख्या में मतदाता अपनी शिकायतों के साथ सड़कों पर उतर आए। मतदाताओं का आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना या ठोस कारण के उनके नाम काट दिए गए हैं, जिससे वे अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने से वंचित रह सकते हैं।

चुनाव आयोग की भूमिका पर उठे सवाल

विरोध प्रदर्शन कर रहे मतदाताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे वर्षों से यहाँ के निवासी हैं और नियमित मतदान करते आए हैं, लेकिन इस बार इतनी बड़ी संख्या में नामों का कटना एक गंभीर लापरवाही या साजिश का संकेत है। नाम कटने की वजह से लोग न केवल परेशान हैं, बल्कि उनके बीच भविष्य की नागरिकता और पहचान को लेकर भी आतंक का माहौल है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।

हासनाबाद में एक बूथ से 350 मतदाताओं के नाम कटे

हसनाबाद के बरुणहाट इलाके में मतदाता सूची से नाम कटने पर सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। निवासियों ने हसनाबाद-हिंगलगंज रोड पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे घंटों सड़क जाम रही।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बूथ संख्या 43 के कुल 350 मतदाताओं में से 136 के नाम अचानक सूची से हटा दिए गए हैं। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि सभी जरूरी दस्तावेज जमा करने के बावजूद प्रशासन ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। आक्रोशित भीड़ ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए मांग की है कि कटे हुए नामों को तुरंत सूची में दोबारा जोड़ा जाए, अन्यथा आंदोलन और तेज होगा।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in