

सन्मार्ग संवाददाता
पानीहाटी : नगरपालिका मामलों के मंत्री के निर्देश के बाद पानीहाटी पालिका के चेयरमैन मलय रॉय ने अपने दो कर्मियों के जरिये अपना इस्तीफा बैरकपुर एसडीओ को भेज दिया था। इस पर ही सोमवार को उन्होंने पानीहाटी पालिका भवन में बोर्ड मीटिंग बुलायी थी। सोमवार को बुलायी गये बैठक में उन्होंने मौजूद 33 पार्षदों के समक्ष अपना आधिकारिक त्यागपत्र रखा। उनके इस्तीफे का किसी पार्षद ने विरोध नहीं किया जिसके बाद उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया गया। अब नियमानुसार 7 दिनों में वाइस चेयरमैन को बैठक बुलानी होगी। इस पर वाइस चेयरमैन ने 21 मार्च को बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि उस दिन प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से पालिका के नये चेयरमैन का चुनाव किया जा सकता है। इस दिन बुलायी गयी बैठक को लेकर पानीहाटी नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन मलय रॉय ने कहा कि उनके खिलाफ सोदपुर के अमरावती मैदान के एक हिस्से को बेचने का आरोप लगाया गया था हालांकि यह सामने आ चुका है कि इसमें कहीं से भी उनकी कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी सर्वोपरि है और पार्टी का जो निर्देश होगा उसे हर कर्मी को मानना ही होगा। उन्हें पार्टी से बहुत कुछ मिला है और आगे जो भी जिम्मेदारी उन्हें दी जायेगी वे उसका पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि जिसे भी नया चेयरमैन बनाया जायेगा मैं उसका समर्थन और हर तरह से सहयोग करूंगा। वहीं पार्टी सूत्रों के मुताबिक कहा जा रहा है कि पार्टी के पुराने कर्मी मलय रॉय को भले ही चेयरमैन पद से हटा दिया गया है मगर उनके अनुभव को देखते हुए पार्टी उन्हें अन्य जिम्मेदारियां सौंपेगी।