IndiGo फ्लाइट में मचा हड़कंप: पावर बैंक में धमाका

हैदराबाद-चंडीगढ़ उड़ान में बड़ा हादसा टला, 198 यात्रियों को स्लाइड से निकाला गया, एक यात्री घायल
IndiGo फ्लाइट में मचा हड़कंप: पावर बैंक में धमाका
Brian Bukowski
Published on

हैदराबाद से चंडीगढ़ आ रही IndiGo की फ्लाइट में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विमान के अंदर धुआं भरने लगा। समय रहते क्रू की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

फ्लाइट 6E-108, जिसमें 198 यात्री, 2 शिशु और 6 क्रू मेंबर सवार थे, दोपहर करीब 3:29 बजे Shaheed Bhagat Singh International Airport पर सुरक्षित लैंड हुई।

पावर बैंक में ब्लास्ट से मचा हड़कंप

लैंडिंग के बाद जब विमान टैक्सी कर रहा था, तभी सीट 39C पर बैठे यात्री ने अपने पावर बैंक में आग लगने की सूचना दी। आशंका है कि पावर बैंक फट गया, जिससे केबिन में धुआं फैल गया।

क्रू मेंबर्स ने तुरंत फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया, लेकिन एहतियात के तौर पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई।

स्लाइड से कराया गया इवैक्युएशन

करीब 3:35 बजे इमरजेंसी एग्जिट खोले गए और यात्रियों को स्लाइड के जरिए बाहर निकाला गया। इस दौरान एक महिला यात्री के पैर में हल्की चोट आई।

समय रहते टला बड़ा हादसा

एयरफोर्स की फायर टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थिति नियंत्रण में आ चुकी थी। किसी अन्य यात्री को कोई गंभीर चोट नहीं आई।

क्रू की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं

इससे पहले चेन्नई एयरपोर्ट पर Air Arabia की फ्लाइट में एक यात्री ने इमरजेंसी एग्जिट खोलकर रनवे पर छलांग लगा दी थी, जिससे अफरा-तफरी मच गई थी।

यह घटना एक बार फिर उड़ानों में पावर बैंक जैसे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज़ के इस्तेमाल को लेकर सुरक्षा चिंताओं को उजागर करती है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in