हावड़ा: चुनाव बाद हिंसा मामले में फरार पंचायत प्रधान शांतिनिकेतन से गिरफ्तार

Panchayat Pradhan Sheikh Nizamuddin Arrested from Santiniketan in Post-Poll Violence Case
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा जिले के पांचला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जगतबल्लभपुर थाना इलाके के पोलगुस्तिया ग्राम पंचायत के प्रधान शेख निजामुद्दीन को पुलिस ने शांतिनिकेतन से गिरफ्तार कर लिया है। वह वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई कथित हिंसा और अशांति से जुड़े विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था।

कटमनी, वसूली और तोड़फोड़ समेत दर्ज हैं कई गंभीर मामले

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शेख निजामुद्दीन के खिलाफ चुनाव बाद हिंसा के अलावा कथित वसूली, कटमनी लेने, मारपीट, तोड़फोड़ और इलाके में अशांति फैलाने से जुड़े कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2021 से ही पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी, लेकिन वह लगातार अपनी लोकेशन बदलकर कार्रवाई से बच रहा था।

अदालत में पेशी के बाद जांच तेज, राजनीतिक गलियारों में चर्चा

जगतबल्लभपुर थाना पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को शांतिनिकेतन से दबोचा गया। सोमवार को उसे हावड़ा अदालत में पेश किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फरारी के दौरान उसे किन लोगों ने शरण दी थी और दर्ज मामलों में उसकी क्या भूमिका थी। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in