नयी दिल्ली : पाकिस्तान की एक वरिष्ठ राजनयिक ने कहा है कि शंघाई सहयोग संगठन (SCO) द्वारा लाहौर को 2026-27 के लिए पर्यटन एवं सांस्कृतिक राजधानी घोषित किये जाने के उपलक्ष्य में अगले साल शहर में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य गतिविधियां आयोजित की जायेंगी।
पाक प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थीं फरहत आयशा
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय में SCO की राष्ट्रीय उप समन्वयक फरहत आयशा ने रविवार शाम भारत की मेजबानी में आयोजित SCO सभ्यतागत संवाद मंच के समापन के अवसर पर एक इंटरव्यू में यह जानकारी दी। वरिष्ठ राजनयिक आयशा, पाकिस्तान के संघीय मंत्री मुसादिक मलिक के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थीं। तीन दिवसीय यह सम्मेलन दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में आयोजित किया गया था।
पहली बार भारत का दौरा किया
मलिक की पत्नी भी उनके साथ भारत आयी थीं। तीनों ने पहली बार भारत का दौरा किया। पाकिस्तान के मंत्री और उनकी पत्नी ने रविवार को कुतुब मीनार सहित दिल्ली के विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। गत 22 नवंबर को उद्घाटन समारोह और अगले दो दिन में विभिन्न विषयगत सत्रों में शामिल हुईं आयशा ने रविवार को कहा कि यह बेहद व्यस्त सम्मेलन रहा। मुझे पुराना किला भी ठीक से देखने का मौका नहीं मिला। मैं दिल्ली घूमना और शहर के बारे में और जानना चाहती थी।
‘नहीं लगा कि हम किसी विदेशी भूमि पर हैं’
भारत की अपनी पहली यात्रा के अनुभव के बारे में पूछे जाने पर पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि दिल्ली में उन्हें ऐसा महसूस नहीं हुआ कि वे किसी विदेशी भूमि पर हैं। उन्होंने लाहौर और दिल्ली के बीच सांस्कृतिक समानताओं का भी उल्लेख किया।आयशा ने अगले साल पाकिस्तान की अध्यक्षता में होने वाले SCO शिखर सम्मेलन से पहले आयोजित की जाने वाली विभिन्न बैठकों की तैयारियों के बारे में भी जानकारी साझा की।
पाकिस्तान का सांस्कृतिक केंद्र है लाहौर
ऐतिहासिक शहर लाहौर को पाकिस्तान का सांस्कृतिक केंद्र माना जाता है। यहां कई प्रसिद्ध स्मारक, प्राचीन स्थल, उद्यान और ऐतिहासिक संस्थान मौजूद हैं। पुराने चारदीवारी वाले शहर में सदियों पुरानी हवेलियां भी हैं, जो पुरानी दिल्ली की याद दिलाती हैं।