

हुगली : पाकिस्तान के रावलपिंडी से आयी एक महिला को चंदननगर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। महिला का नाम फातिमा बीवी (60) है। इस गिरफ्तारी से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने गिरफ्तार महिला को चंदननगर कोर्ट में पेश किया जहां पर कोर्ट ने महिला को जेल हिरासत में भेज दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार पाकिस्तानी महिला फातिमा 1980 साल में अपने पिता के साथ टूरिस्ट वीजा पर रावलपिंडी से भारत आई थी। फातिमा बीवी पिछले 45 वर्षों से चंदननगर के कुठीर मठ इलाके में रह रही थी। महिला ने 1982 में चंदननगर के एक बेकरी मालिक मुजफ्फर मल्लिक से निकाह कर लिया। उनकी दो बेटियाँ हैं। लड़कियाँ भी शादीशुदा हैं। वीजा मिलने के एक साल बाद तक फातिमा पुलिस की विशेष शाखा के रिकॉर्ड से गायब थी। भारत सरकार ने कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तानी नागरिकों से स्वदेश लौटने को कहा है। पाकिस्तान से भारत आये लोगों की तलाश नये सिरे से शुरू कर दी गयी है। चंदननगर में कुठीर मैदान के निकट मस्जिद के पीछे मुज्जफर मल्लिक का मकान है। पुलिस ने शनिवार को उस घर से फातिमा को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के अनुसार, फातिमा के पूर्वजों का घर हुगली के नालिकुल में था। वह वहीं पैदा हुई थी। बाद में, फातिमा के पिता काम के लिए रावलपिंडी चले गए और वहां से वे 1980 में भारत आ गये। फातिमा अब 60 साल की हैं। उसे विभिन्न प्रकार की दवाइयां लेनी पड़ती हैं। उनकी बेटियाँ उन्हें रिहा करने की मांग कर रही हैं। फातिमा के पति ने बताया कि उनकी पत्नी चंदननगर नगर निगम के वार्ड नंबर 12 की मतदाता है। उसके पास आधार और पैन कार्ड हैं। उन्होंने भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन किया है, लेकिन अभी तक नहीं मिला। यहां उल्लेखनीय है कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हिंदू पर्यटकों पर आतंकी हमले के बाद भारत ने कड़े कदम उठाये हैं और देशभर में पाकिस्तानियों की जांच शुरू कर दी है। पाकिस्तानियों को देश से निकलने का आदेश जारी कर दिया है।