गुप्त परमाणु गतिविधियां पाक के इतिहास के अनुरूप
काबुल में भारतीय दूतावास की जिम्मेदारियों हो रहा विचार
नयी दिल्ली : भारत ने शुक्रवार को पाकिस्तान द्वारा परमाणु हथियारों का परीक्षण किये जाने संबंधी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणियों के संदर्भ में कहा कि इस्लामाबाद की ‘गुप्त’ परमाणु गतिविधियां दशकों से जारी तस्करी और निर्यात नियंत्रण से जुड़े उल्लंघनों पर आधारित रही हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप की टिप्पणी पर गौर किया
पिछले हफ्ते ट्रंप ने पाकिस्तान का नाम परमाणु हथियार परीक्षण कर रहे देशों में शामिल किया था। ट्रंप ने यह बात तीन दशकों से भी अधिक समय बाद अमेरिका की ओर से अपने परमाणु संसाधनों का परीक्षण फिर से शुरू किये जाने संबंधी अपने प्रशासन की योजना को सही ठहराने के लिए कही थी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपनी साप्ताहिक प्रेस वार्ता में कहा कि गुप्त और अवैध परमाणु गतिविधियां पाकिस्तान के इतिहास के अनुरूप हैं, जो दशकों से चल रही तस्करी, AQ खान नेटवर्क, निर्यात नियंत्रण से जुड़े उल्लंघनों और गुप्त साझेदारियों पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान पाकिस्तान के रिकॉर्ड के इन पहलुओं की ओर आकर्षित किया है। इसी बात के मद्देनजर हमने पाकिस्तान के परमाणु परीक्षण के बारे में राष्ट्रपति ट्रंप की टिप्पणी पर गौर किया है।
भारत में राजनयिक नियुक्त करेगा तालिबान!
भारत में तालिबान की तरफ राजनियक की नियुक्ति और झंडे को मान्यता के सवाल पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि हाल ही में अफगानिस्तान के विदेश मंत्री भारत आये थे, तब से हमने विकास सहयोग के मामले में कई बातचीत की हैं, साथ ही विदेशमंत्री और अफगानिस्तान के विदेशमंत्री के बीच टेलीफोन पर भी बातचीत हुई है। जायसवाल ने कहा कि जहां तक हमारे अपने दूतावास, ऑपरेशन, काबुल में हमारे टेक्निकल मिशन को अपग्रेड करने की बात है, हमने इसे दूतावास में अपग्रेड कर दिया है। अब हम देख रहे हैं कि इसकी कार्यक्षमता, काम की जिम्मेदारियां कैसी होंगी, इन पर विचार किया जा रहा है।