

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राष्ट्रपति Droupadi Murmu ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित Rashtrapati Bhavan में आयोजित वर्ष 2026 के पहले नागरिक अलंकरण समारोह में पश्चिम बंगाल की छह प्रतिष्ठित हस्तियों को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया। समारोह में कुल 66 पद्म पुरस्कार प्रदान किए गए, जिनमें 2 पद्म विभूषण, 6 पद्म भूषण और 58 पद्म श्री शामिल हैं।
बंगाल की छह हस्तियों को सम्मान
इस वर्ष पश्चिम बंगाल से कुल 11 हस्तियों को पद्म पुरस्कार के लिए चुना गया है। पहले चरण में सम्मानित छह विभूतियों ने कला, साहित्य, चिकित्सा, संगीत, रंगमंच, शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
तृप्ति मुखर्जी ने महिलाओं को बनाया आत्मनिर्भर
बीरभूम की तृप्ति मुखर्जी को लोक कला और महिला सशक्तिकरण में योगदान के लिए पद्मश्री दिया गया। ‘कांथा कढ़ाई’ को नई पहचान दिलाने वाली तृप्ति मुखर्जी ने मुफ्त प्रशिक्षण के जरिए 20 हजार से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
डॉ. सरोज मंडल को चिकित्सा सम्मान
प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सरोज मंडल को चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। कोलकाता के प्रमुख मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल से जुड़े डॉ. मंडल कार्डियक इमेजिंग, कोरोनरी इंटरवेंशन और पेसमेकर इम्प्लांटेशन के विशेषज्ञ माने जाते हैं।
हरि माधव मुखोपाध्याय को मरणोपरांत सम्मान
उत्तर बंगाल के रंगकर्मी हरि माधव मुखोपाध्याय को मरणोपरांत पद्मश्री प्रदान किया गया। ‘तीन विज्ञानी’ और ‘गैलीलियो’ जैसे चर्चित नाटकों के जरिए उन्होंने बंगाली रंगमंच और सामाजिक चेतना को नई दिशा दी।
गंभीर सिंह योनजोन का शिक्षा योगदान
कलिम्पोंग के शिक्षाविद और पर्यावरणविद गंभीर सिंह योनजोन को शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्थान में आजीवन योगदान के लिए सम्मान मिला। उन्होंने दार्जिलिंग पहाड़ियों में पुस्तकालयों की स्थापना, वैज्ञानिक जागरूकता और गरीब छात्रों की शिक्षा के लिए उल्लेखनीय कार्य किया।
सिनेमा और संगीत जगत भी गौरवान्वित
बांग्ला सिनेमा के सुपरस्टार Prosenjit Chatterjee को भारतीय सिनेमा में लंबे योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया। वहीं प्रख्यात तबला वादक Kumar Bose को भारतीय शास्त्रीय संगीत में उनके असाधारण योगदान के लिए यह सम्मान मिला।
देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल
पद्मश्री पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में गिने जाते हैं और कला, साहित्य, शिक्षा, चिकित्सा, समाज सेवा तथा संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट सेवाओं के लिए प्रदान किए जाते हैं।