SIR को लेकर अफवाहें फैला रहा है विपक्ष : शुभेंदु अधिकारी

ममता बनर्जी और माकपा साधा निशाना, कहा : दोनों ‘‘एक ही सुर में बोल रही हैं’’
 SIR को लेकर अफवाहें फैला रहा है विपक्ष : शुभेंदु अधिकारी
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को आरोप लगाया कि राज्य विधानसभा चुनाव में हार के बाद हताश विपक्षी दल एसआईआर प्रक्रिया को लेकर अफवाहें फैला रहे हैं और मतदाता सूची के पुनरीक्षण पर उनका विरोध ‘‘राजनीति से प्रेरित’’ है। भाजपा पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि कुछ समाचार संगठन पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत को ‘‘अभी तक स्वीकार नहीं कर पाए हैं’’ तथा वे ‘‘अफवाहें फैला रहे हैं।’’ उन्होंने निर्वाचन आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया की आलोचना को लेकर विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा और दावा किया कि यह प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से तथा सभी पक्षों की उचित भागीदारी के साथ की जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘बंगाल में हार के बाद हताश विपक्षी दल एसआईआर को लेकर अफवाहें फैला रहे हैं।’’केरलम से तुलना करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि कांग्रेस वहां एसआईआर का समर्थन कर रही है क्योंकि उसने इस दक्षिणी राज्य में चुनाव जीता है, जबकि पश्चिम बंगाल में चुनाव हारने के बाद पार्टी इस प्रक्रिया का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि कांग्रेस ने केरलम में चुनाव जीता है, इसलिए पार्टी वहां एसआईआर का समर्थन कर रही है, लेकिन बंगाल में इसका विरोध कर रही है क्योंकि कांग्रेस और उसके सहयोगी यहां चुनाव हार गए।’’

सीएम ने यह भी दावा किया, ‘‘बंगाल में एसआईआर के दौरान 27 लाख नाम हटाए जाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जिम्मेदार थीं, भाजपा या निर्वाचन आयोग नहीं।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बावजूद ममता एआईटीसी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) अब ‘‘एक ही सुर में बोल रही हैं।’’ उन्होंने वाम मोर्चा के शासनकाल से जुड़े राजनीतिक हिंसा के मामलों का भी जिक्र किया, जिनमें साईबाड़ी और नंदीग्राम की घटनाएं शामिल हैं। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस और माकपा के बीच कथित राजनीतिक समझौते को लेकर भी सवाल उठाया।

विपक्ष झूठ फैला रहा है, यह इस तस्वीर से साबित होता है

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि 15 साल तक सीएम रही ममता बनर्जी कल श्रीरामपुर में 150 लोगों को लेकर मीटिंग कर रही है, इन पाँच महीनों में वे लोग खत्म हो गये हैं नाम भी नहीं है निशान भी नहीं है। नाम भी बदल गया निशान भी बदल गया। पार्टी टूटकर चार टुकड़े हो गई। बंगाल में विपक्ष का अब कुछ नहीं है। इनलोगों ने झूठ फैलाया। सीएम ने चुनाव आयोग के नवीनतम बैठक की तस्वीर दिखाते हुए कहा कि विपक्ष का झूठ इस तस्वीर से साबित हो रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in