बंदरगाह में ऑनलाइन प्रवेश व्यवस्था लागू, सुरक्षा और सुविधा बढ़ी

बंदरगाह में ऑनलाइन प्रवेश व्यवस्था लागू, सुरक्षा और सुविधा बढ़ी
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : बंदरगाह प्रबंधन बोर्ड अब तक विभिन्न प्रकार के प्रवेश पास जैसे स्थायी व्यक्ति पास, स्थायी वाहन पास, शासनिक बन्दरगाह प्रवेश पास तथा दैनिक, साप्ताहिक और मासिक अस्थायी पास, पूरी तरह हस्तलिखित प्रक्रिया के माध्यम से जारी करता आ रहा था। बंदरगाह सेवाओं का उपयोग करने वाले लोगों को इस जटिल प्रक्रिया से अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, जिसके कारण लम्बे समय से यह माँग की जा रही थी कि बन्दरगाह प्रवेश पासों की व्यवस्था को पूरी तरह ऑनलाइन किया जाए। ‘‘कारोबार सुगमता’’ की दिशा में पहल करते हुए बंदरगाह प्रबन्धन बोर्ड ने सोवटेक के सहयोग से ‘‘बन्दरगाह प्रवेश प्रबन्धन तन्त्र’’ विकसित किया है, जिसका औपचारिक उद्घाटन मंगलवार को अंडमान तथा निकोबार प्रशासन के मुख्य सचिव डॉ. चन्द्र भूषण कुमार द्वारा किया गया। यह नया तन्त्र संचालन क्षमता बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था को मज़बूत बनाने तथा पोर्ट उपयोगकर्ताओं, हितधारकों, संविदाकारों और आगंतुकों को सुगमता प्रदान करने के उद्देश्य से लागू किया गया है।

पूरी प्रक्रिया को डिजिटल व्यवस्था में परिवर्तित करने से हस्तलिखित कार्य कम होगा, समय की बचत होगी तथा प्रवेश नियंत्रण और निगरानी में अधिक पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। अब आवेदक अपने आवेदन ऑनलाइन प्रस्तुत कर सकेंगे, आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे, आवेदन की स्थिति देख सकेंगे और स्वीकृति भी डिजिटल रूप में प्राप्त कर सकेंगे। बन्दरगाह प्रवेश द्वारों पर सत्यापन क्यू-आर कोड स्कैन के माध्यम से किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया और अधिक तीव्र एवं सुरक्षित बनेगी। यह पहल बंदरगाह प्रबंधन बोर्ड की आधुनिक तकनीकों को अपनाने, सेवाओं में सुधार लाने तथा सभी उपयोगकर्ताओं के लिए अधिक सुरक्षित और प्रभावी कार्य वातावरण तैयार करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। सभी हितधारकों से अनुरोध किया गया है कि वे इस नयी ऑनलाइन प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से अपनाएँ। यह तन्त्र ‘‘बंदरगाह प्रवेश’’ नामक प्रशासनिक पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in