जलकर खाक हुए एक के बाद एक कई घर, रातों-रात सड़कों पर आए परिवार

One house after another was reduced to ashes, and families were left homeless overnight.
देर रात लगी आग का दृश्य REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बशीरहाट : उत्तर 24 परगना जिले के बसीरहाट उपमंडल अंतर्गत टाकी नगरपालिका क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात आग ने ऐसा तांडव मचाया कि कई परिवारों की जिंदगी भर की कमाई राख में तब्दील हो गई। टाकी नगरपालिका के 14 नंबर वार्ड स्थित हासनाबाद रेलवे स्टेशन के पास हुई इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।

नींद में थे लोग, अचानक मची चीख-पुकार

जानकारी के अनुसार, जब यह हादसा हुआ, तब हसनाबाद स्टेशन के पास घनी बस्ती के अधिकांश निवासी गहरी नींद में सो रहे थे। रात के सन्नाटे में अचानक एक घर से आग की लपटें उठीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। भीषण गर्मी और तेज हवाओं के कारण आग की लपटें एक घर से दूसरे घर में तेजी से फैलने लगीं। धुएं और तपिश के कारण जब लोगों की नींद खुली, तो मंजर बेहद खौफनाक था। अपनी जान बचाने के लिए लोग बिना कुछ सोचे-समझे घरों से बाहर की ओर भागे। चारों तरफ महिलाओं और बच्चों की चीख-पुकार सुनाई दे रही थी।

8-10 घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति का नुकसान

स्थानीय सूत्रों ने बताया कि बस्ती के घनी आबादी वाला क्षेत्र होने के कारण आग को फैलने का पूरा मौका मिल गया। इस अग्निकांड में लगभग 8 से 10 घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं। घर में रखा अनाज, कपड़े, नकदी और जरूरी दस्तावेज सब कुछ जलकर कोयला हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस हादसे में कई लाख रुपये की संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है। कई परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।

दमकल और स्थानीय लोगों का संघर्ष

आग लगते ही स्थानीय निवासियों ने साहस दिखाते हुए पहले खुद ही मोर्चा संभाला। लोग बाल्टियों में पानी लेकर और जो भी साधन मिला, उससे आग बुझाने में जुट गए। घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। मौके पर दमकल की दो गाड़ियां पहुंचीं। दमकलकर्मियों और स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद घंटों बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

जांच में जुटा प्रशासन

आग लगने का स्पष्ट कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग के अधिकारियों और हसनाबाद थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद पहुंचाने का आश्वासन दिया है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in