छुट्टी के दिन बारिश ने बिगाड़ा कोलकाता का मौसम

छुट्टी के दिन बारिश ने बिगाड़ा कोलकाता का मौसम
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कोलकाता और दक्षिण बंगाल में रविवार का सुहावना दिन अचानक हुए मौसम के बदलाव से प्रभावित हो गया। सुबह खिली धूप और सुहावने आसमान के बाद दोपहर होते-होते अचानक बादलों ने डेरा डाल दिया और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई जिलों में चेतावनी जारी की है, जिससे वीकेंड पर घूमने निकले लोगों की योजनाएं ध धरी रह गईं।

येलो और ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी

मौसम विभाग के अपडेट के मुताबिक, दोपहर ढाई बजे के बाद कोलकाता के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तीस से चालीस किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई, जिसके चलते शहर में येलो अलर्ट जारी किया गया। दूसरी ओर, हावड़ा, पूर्वी मेदिनीपुर और दक्षिण चौबीस परगना जिलों के लिए स्थिति अधिक गंभीर बताई गई। इन इलाकों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जिससे प्रशासन और आम नागरिकों को पूरी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

त्योहारी सीजन पर मंडराए बारिश के बादल

स्थानीय स्तर पर बने बादलों के कारण यह अचानक बदलाव आया है, हालांकि राहत की बात यह है कि दक्षिण बंगाल में कुल मिलाकर मानसून की तीव्रता अब धीरे-धीरे कम हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि हवा में नमी घटने के कारण सितंबर के तीसरे हफ्ते तक मानसून राज्य से पूरी तरह विदा हो सकता है।

इसके बावजूद गणेश पूजा की रात और आने वाले दुर्गा पूजा के दिनों में हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका बनी हुई है। मौसम विभाग ने त्योहारी आयोजनों में शामिल होने वाले लोगों और पूजा समितियों को पहले से ही सतर्क रहने की चेतावनी दी है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। छत्तीसगढ़ के पास बने कम दबाव के क्षेत्र का पश्चिम बंगाल पर कोई सीधा असर नहीं दिख रहा है, फिर भी बदलते मौसम को लेकर लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in