बाथरूम में मिला चिट्ठी वाला संदेश!

कोलकाता से गोरखपुर जा रही इंडिगो फ्लाइट में बम की अफवाह, कोलकाता एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप
बाथरूम में मिला चिट्ठी वाला संदेश!
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : यात्री विमान में बम की धमकी मिलने से शुक्रवार शाम कोलकाता एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। कोलकाता से गोरखपुर जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट के शौचालय में बम होने की सूचना लिखी एक चिट्ठी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। घटना के बाद विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया और पूरे विमान की गहन तलाशी शुरू कर दी गई।

विमान में बम की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर बम स्क्वॉड, सीआईएसएफ जवान और स्निफर डॉग्स की टीम को बुलाया गया। सभी ने मिलकर विमान के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। इस बीच एक संदिग्ध यात्री को हिरासत में लिए जाने की भी खबर है। हालांकि, उक्त यात्री का चिट्ठी से कोई संबंध है या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।

शुक्रवार शाम शहर में अंधेरा उतरना शुरू ही हुआ था कि व्यस्त एयरपोर्ट पर अचानक अफरा-तफरी मच गई। कोलकाता से गोरखपुर के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट उड़ान से पहले अंतिम जांच के दौर से गुजर रही थी। इसी दौरान पायलट जब विमान के शौचालय में गए, तो उनकी नजर वहां पड़ी एक चिट्ठी पर गई। चिट्ठी में विमान में बम होने की बात लिखी थी।

संदेश देखते ही पायलट ने तत्काल एयरपोर्ट अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद बिना किसी जोखिम के विमान में सवार सभी यात्रियों को नीचे उतारा गया और सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई। बम स्क्वॉड, स्निफर डॉग्स और सीआईएसएफ के जवानों ने काफी देर तक विमान की गहन तलाशी ली।

फिलहाल तलाशी के दौरान विमान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद हुई है या नहीं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, एक यात्री को संदिग्ध मानकर हिरासत में लिए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, उसी व्यक्ति ने धमकी भरा संदेश लिखा था या इसके पीछे किसी और की भूमिका है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घटना के कारण विमान अपने निर्धारित समय पर गोरखपुर के लिए उड़ान नहीं भर सका। विमान अब कब रवाना होगा, इसे लेकर फिलहाल कोई निश्चित जानकारी नहीं है। इस घटना ने एक बार फिर एयरपोर्ट और विमानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in